रायपुर

कोरोना संक्रमण के कम हुए मामले, रिकवरी दर भी बढ़ी, औसत 95 फीसदी लोग ठीक हो रहे
02-Jun-2021 5:45 PM
  कोरोना संक्रमण के कम हुए  मामले, रिकवरी दर भी बढ़ी, औसत 95 फीसदी लोग ठीक हो रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जून। कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के साथ-साथ रिकवरी दर भी बढ़ रही है। अब औसत रिकवरी दर 95 फीसदी हो गई है, जबकि मई के तीसरे हफ्ते में 92 फीसदी थी। इससे परे मृत्यु दर में भी कमी आई है। रायपुर, राजनांदगांव समेत 14 जिलों में तो मंगलवार को तो किसी की भी मृत्यु नहीं हुई है।

रायपुर में कोरोना से सबसे ज्यादा मौत हुई है, और यहां कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 31 सौ से अधिक पहुंच चुका है। मगर धीरे-धीरे संक्रमण में कमी आई है, और पिछले कई दिनों से कोरोना के नए संक्रमण के मामले सौ से कम आ रहे हैं। इसके साथ-साथ कोरोना से उबरने वालों की संख्या भी काफी बढ़ी है।

बताया गया कि पिछले सप्ताह (16 से 24 मई) की तुलना में कोरोना संक्रमण से रिकवरी दर 3 प्रतिशत बढ़ी है। पिछले सप्ताह यह 92 प्रतिशत थी जबकि 31 मई की स्थिति में यह 95 प्रतिशत हो गई है। 25 जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक रिकवरी दर दर्ज की गई है।

सुकमा व राजनांदगांव में 98-98, दुर्ग, रायपुर व बिलासपुर में 97-97, कबीरधाम, कांकेर, बालोद, कोरबा, दंतेवाड़ा व बेमेतरा में 96-96 प्रतिशत रिकवरी दर दर्ज की गई। प्रदेश को जनवरी 2021 से लेकर अब तक 22 खेपों में 72 लाख 22 हजार 810 डोज कोविशिल्ड वैक्सीन की प्राप्त हुई है, वहीं जनवरी से अब तक 8 खेपों में सिर्फ 5 लाख 66 हजार 3 सौ डोज कोवैक्सीन प्राप्त हुई है। इस प्रकार दोनों वैक्सीन के कुल 77 लाख 89 हजार 110 डोजेज प्राप्त हुई है।

18-44 वर्ष आयु समूह के लिये अब तक 7 लाख 97 हज़ार 110 डोज प्राप्त हुई है जिसमें 1.5 लाख कोवैक्सीन डोज 1 मई 2021 को, 3.5 लाख डोज कोविशील्ड वैक्सीन 8 मई 2021 को एवं 2 लाख 97 हजार 110 डोज कोविशील्ड वैक्सीन 15 मई 2021 को प्राप्त हुई है। 18 -44 वर्ष आयुवर्ग के लाभार्थियों का अब तक करीब 7 लाख 89 हजार 690 टीकाकरण (कोवैक्सीन एवं कोविशील्ड वैक्सीन) किया जा चुका है ।


अन्य पोस्ट