रायपुर
पीपीओ जारी करने का अधिकार जिला कोषालय को देने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जून। छत्तीसगढ़ राज्य में सेवानिवृत्त होनेवाले कर्मचारियों के पीपीओ(पेंशन पमेन्ट आर्डर) हर हाल में सेवानिवृत्ति तिथि के 7 दिन पहले जारी करने एवं संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन कार्यालय से पीपीओ जारी करने के अधिकार को हटाकर जिला कोषालय को देने, साथ ही वित्त विभाग के द्वारा 3 वर्ष पूर्व शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आवश्यक जानकारी के लिये जारी लगभग 1 साल से निष्क्रिय आभार एप को तुरन्त अपडेट करने की मांग जारी विज्ञप्ति में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री तथा छत्तीसगढ़ राज्य संयुक्त पेंशनर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने की है।
जारी विज्ञप्ति में उन्होंने आगे बताया है कि वर्तमान में पीपीओ जारी करने का अधिकार केवल रायपुर,दुर्ग,जगदलपुर, अम्बिकापुर और बिलासपुर स्थित कार्यालय सँयुक्त संचालक कोष लेखा व पेंशन को है, वे अपने अधीनस्थ राजस्व जिले के अधिकारियों- कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने पर पेंशन आदायगी के लिये पीपीओ जारी करते हैं, कार्य की अधिकता, स्टाफ की कमी के चलते कुछ ऐसे पेंशनरों को छोडक़र जिनका एप्रोच है, बाकी किसी भी पेन्शनर का पीपीओ सेवानिवृत्ति के पहले जारी करने के निर्देश के बावजूद जारी नही होता।इसके लिये जिलो से सम्बंधित विभाग के अमले और सम्बंधित सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दूरस्थ जिले से वहाँ पहुंचकर प्रकरण बारे में जानकारी लेने में होंनेवाली परेशानी का सामना करना पड़ता हैं। इसलिए परेशानियों को देखते हुए पीपीओ जारी करने का अधिकार सभी जिलों में जिला कोषालय को देने हेतु मांग की है।
जारी विज्ञप्ति में उन्होंने आगे बताया है कि सेवानिवृत्ति के पूर्व पीपीओ जारी करने के लिये रिटायर होने वाले प्रतिभागी के विभाग और ट्रेजरी को समय सीमा में कार्य संधारित करने के निर्देश का कहीं पालन नही हो रहा है,इस पर कोई समीक्षा भी नहीं हो रही है। ऊपर से नीचे तक सब भूल गए हैं और इसी कारण विभाग और ट्रेजरी के बीच अनेक पेन्शनर आज भी अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में चक्कर से काटने के लिये मजबूर हैं और उनकी समस्या पर कोई भी गंम्भीर नही है।