रायपुर

राजीव गांधी पुण्यतिथि पर सेवा-सहयोग अभियान चलाएं-रिजवी
21-May-2021 6:50 PM
राजीव गांधी पुण्यतिथि पर सेवा-सहयोग अभियान चलाएं-रिजवी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 मई। जोगी पार्टी के प्रवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर देशवासियों से अपील कर कहा है कि सम्पूर्ण देश कोरोना संक्रमण से जूझ रहा है। ऐसे कठिन दौर में सभी को चाहे वह किसी भी दल, धर्म या संगठन से जुड़ा क्यों न हो देश सेवा एवं सहयोग की आज महती आवश्यकता महसूस कर रहा है। गंगा मैया में कोरोना संक्रमित बहती लाशें सभी राजनैतिक दलों एवं धार्मिक संगठनों को झकझोर कर पूछ रही हैं कि, है कोई जो इन तैरती लाशों को निकाल कर अंतिम संस्कार करने की मानवीय हिम्मत दिखाए। कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय एवं जरूरतमंदों की सहायता करते हुए वसुधैव कुटुम्बकम का जज्बा दिखाने की आज आवश्यकता महसूस की जा रही है।

रिजवी ने शत्-शत् नमन करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को अपनी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि राजीव गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास के समय सन् 1990 के विधानसभा चुनाव के दौरान शहर के सप्रे उच्चतर माध्यमिक शाला मैदान में राजीव गांधी की यादगार चुनावी सभा का संचालन करने का मौका उन्हें शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष होने के नाते प्राप्त हुआ था। आज भी देशवासी राजीव गांधी जैसे नूरानी चेहरे वाले प्रधानमंत्री को याद कर सबकी आंखे नम हो जाती है।

यादगार तस्वीर

अविभाजित मध्यप्रदेश में रायपुर में हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना की मांग के संदर्भ में 20 जनवरी 1986 को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस नरेन्द्र कुमार व्यास के पिता वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. हरिनारायण व्यास के नेतृत्व में रायपुर के अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री निवास में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से मिला था। यह तस्वीर उसी समय की है जिसमें बांऐ से अधिवक्ता एचएन  व्यास, बीएस ठाकुर, इकबाल अहमद रिजवी, तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी, भूपेन्द्र शर्मा, केएस शुक्ला, श्रीमती शर्मा, सीके दानी, सुश्री उर्मिला छिब्बर दिखलाई दे रहे हैं।  इस मुलाकात के बाद केन्द्र सरकार ने रायपुर में खण्डपीठ हेतु जसवंत सिंह आयोग का गठन किया था। आयोग ने रायपुर को ही बेंच के लिए उपयुक्त माना था।         


अन्य पोस्ट