रायपुर
रायपुर, 25 अप्रैल। जनता कांग्रेस के मीडिया प्रमुख इकबाल अहमद रिजवी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि कोराना महामारी से मृत शासकीय सेवक के परिजन को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के अंदर अनुकम्पा नियुक्ति देने का आदेश शीघ्र जारी करें क्योंकि मृतक के बाद परिवार के सदस्य असहाय हो जाते हैं।
परिवार को दर-दर भटकने से बचाने अनुकम्पा ही एकमात्र उपाय है तथा अनुकम्पा नियुक्ति की जटिल प्रक्रिया को सरल करना उचित होगा। इस मानवीय प्रक्रिया के महत्व को देखते हुए मृतक के परिजन को अनुकम्पा नियुक्ति शीघ्र प्रदान करने से परिवार को कुछ हद तक राहत मिल सकेगी तथा मृतक की विधवा को पेंशन के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इस दिशा में पेंशन के प्रकरण का त्वरित निराकरण करने की मांग रिजवी ने की है।
रिजवी ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए दिहाड़ी मजदूर एवं लाकडाऊन से परेशान हाल मजदूरों की दयनीय स्थिति के निराकरण की दिशा में समुचित आर्थिक सहयोग प्रदान करने की पहल भी किए जाने की मानवीय अपेक्षा मुख्यमंत्री से की है। भूमिहीन कृषि श्रमिकों की स्थिति भी काबिले तरस है, उनके सहयोग के लिए भी सरकार कारगर कदम उठाए जो वक्त का तकाजा है।