रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अप्रैल। आरडीए में डेढ़ दर्जन कर्मचारी कोरोना की चपेट में आए हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने आरडीए दफ्तर को कंटेनमेंट जोन घोषित करने की मांग की है।
रायपुर के आरडीए में भी कोरोना का विस्फोट हुआ है। यहां करीब 35 कर्मचारियों के कोरोना के चपेट में आने की बात कही जा रही है। हालांकि आरडीए प्रशासन ने सिर्फ 16 कर्मचारियों के कोरोना होने की पुष्टि की है। आरडीए अफसरों के मुताबिक 16 लोगों की पुष्टि हुई है। बाकी कर्मचारी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रहते हैं। कुछ समय पहले कोरोना के चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मृत्यु हुई थी। दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। शासन के निर्देशानुसार 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ ही कार्यालय का काम संचालित हो रहा है।
राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। यहां हर रोज 1 हजार से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। राजधानी में कई इलाकों को अब तक कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
इंद्रप्रस्थ अपार्टमेंट कंटेनमेंट जोन घोषित
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा कोविड-19 के रोकथाम एवं नियंत्रण की दृष्टि से नगर पालिक निगम, रायपुर जोन क्रमांक 8 अंतर्गत इंद्रप्रस्थ अपार्टमेंट को कन्टेनमेंट जोन घोषित किया है। कन्टेनमेंट जोन की परिसीमाए पूर्व में रास्ता, पश्चिम में खाली जगह, उत्तर में इंद्रप्रस्थ अपार्टमेंट तथा दक्षिण में रास्ता निर्धारित किया गया हैं। उल्लेखनीय है कि यहां 5 से अधिक नया कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं।