रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 अप्रैल। स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख वीरेंद्र पांडे के निर्देश पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और अधिवक्ता सतीश कुमार त्रिपाठी ने छत्तीसगढ़ के मुख्य चुनाव आयुक्त ठाकुर राम सिंह को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ में होने वाले निकाय चुनावों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। पत्र में सभी चुनावी निकायों में प्रशासक की नियुक्ति की मांग की गई है।
कहा गया है कि ऐसे समय में जब सारा छत्तीसगढ़ कोरोना महामारी के कारण देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। हजारों लाखों लोग इस महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। स्थिति की भयावहता ऐसी है कि लाशों के दाह संस्कार के लिए जगह कम पड़ रही है। मरीजों के लिए अस्पतालों में बिस्तर पूरी तरह भर चुके हैं। तब निर्वाचन आयोग का ऐसी परिस्थिति में चुनाव करवाने का निर्णय बेहद अमानवीय और आपत्तिजनक है।
पत्र में बताया गया है कि चुनावों को टाले जाने पर किसी प्रकार की कोई संवैधानिक समस्या या परिस्थिति उत्पन्न नहीं होगी। ऐसी परिस्थिति केवल लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में ही संभावित रहती है। स्वाभिमान पार्टी ने पत्र में मांग की है कि तत्काल निकाय चुनाव पर तब तक के लिए रोक लगा दी जाए जब तक की कोरोना वायरस संक्रमण से फैली भयावहता और डर का माहौल भी समाप्त ना हो जाए।
पार्टी के प्रमुख वीरेंद्र पांडे ने कहा है कि अभी कोरोना वैक्सीन भी छत्तीसगढ़ में पूर्ण रूप से लग नहीं पाई है। शासन प्रशासन व्यवस्था करने में नाकाम हो रहा है। धारा 144 लगाई गई है। लोगों से घरों में रहने के लिए अपील की जा रही है। ऐसी स्थिति में निकाय चुनाव स्थगित करना ही प्रदेश की जनता के हित में है।
पांडेय ने कहा है कि इस संबंध में अन्य संगठनों को भी मानवीय आधार पर चुनाव आयोग से अनुरोध करना चाहिए। यह चुनाव आयोग की जवाबदारी है कि वह स्वतंत्र और सुरक्षित चुनाव करवाएं। मुख्य चुनाव आयुक्त को स्वाभिमान पार्टी का यह पत्र रजिस्टर्ड डाक से भेजा गया है। जिसकी प्रति अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।