रायपुर

कोरोना-नक्सल हमला, सरकार में कोई जवाबदार नहीं, सीएम चुनाव में व्यस्त-रमन
04-Apr-2021 5:56 PM
  कोरोना-नक्सल हमला, सरकार में कोई जवाबदार नहीं, सीएम चुनाव में व्यस्त-रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अपै्रल। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह प्रदेश में कहा है कि  प्रदेश में कोरोना के चलते भयावह स्थिति बनी हुई है। कोरोना से रोज कई मौतें हो रही है, लेकिन सरकारी-निजी अस्पतालों में आईसीयू, बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर को लेकर कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं है। दूसरी तरफ बस्तर में नक्सल घटना में 23 जवान शहीद हो गए, लेकिन सरकार के कोई मंत्री या कोई जवाबदार नेता मौके पर सांत्वना देने और घायलों को अस्पताल ले जाने नहीं पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल असम चुनाव में व्यस्त हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्रदेश में कोरोना के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं और आबादी के हिसाब से छत्तीसगढ़ का यह आंकड़ा देश में पहले नंबर पर है। आखिर, इसके लिए जिम्मेदार कौन हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कोरोना के मामले में छत्तीसगढ़ की स्थिति बहुत ही बिगड़ती जा रही है। एम्स, अंबेडकर अस्पताल समेत प्रदेश के अधिकांश सरकारी-निजी अस्पतालों में आईसीयू में जगह नहीं है। अधिकांश अस्पतालों में बेड फु ल बताए जा रहे हैं। दुर्ग-भिलाई में एक ही दिन में कल 146 शव जलाए गए। मौत के आंकड़ों में हेरफेर किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना के नाम पर 4 सौ करोड़ वसूले गए, लेकिन अस्पतालों में इलाज को लेकर कोई अतिरिक्त इंतजाम नहीं किया गया। निजी अस्पतालों में वैक्सीन नहीं पहुंच पा रही है। यहां वैक्सीनेशन लगभग बंद सा हो गया है। कोरोना फैलने का मतलब वैक्सीनेशन को टालते रहना है। उन्होंने कहा कि गुजरात में खाली मैदान में क्रिकेट मैच हुआ, लेकिन छत्तीसगढ़ में इस मैच के दौरान फ्री टिकट बांटकर 40 हजार की भीड़ एकजुट की गई। लिहाजा, यहां खेलने आए कई खिलाड़ी संक्रमित हुए। संक्रमण से बचाव को लेकर कोई इंतजाम नहीं रहा।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने नक्सल घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बीजापुर-सुकमा 23 जवान शहीद हो गए। वहीं 30 जवान घायल हो गए, लेकिन सरकार के कोई मंत्री या कोई जवाबदार नेता मौके पर परिजनों को सांत्वना देने और घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने नहीं पहुंचे। गृहमंत्री का आधा अधूरा बयान आया है। जवानों के पार्थिव शरीर बीजापुर नहीं पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल असम चुनाव में व्यस्त हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री को यहां पूरा अधिकार देना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री ने पूरा पावर अपने पास रखा है। ऐसे में कितने लोग उनसे बात करने असम जा पाएंगे।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पिछले 2 साल में सरकार ने नक्सल को लेकर कोई कार्ययोजना नहीं बनाई। ऐसे में पुलिस पीछे रह गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हमने काफी हद तक नक्सलवाद पर कंट्रोल किया था। बस्तर में 30 हजार जवानों की भर्ती की थी। 10-15 की जगह एक-एक थाने में सौ-सौ जवान रखे गए थे। एक-एक करोड़ की लागत से थाना भवन बनाए गए थे, लेकिन अभी सरकार में इच्छाशक्ति का अभाव देखा जा रहा है।


अन्य पोस्ट