रायपुर

टीका लगवाने उत्साह से पहुंच रहे हजारों लोग, सेंटरों में भारी भीड़
02-Apr-2021 4:13 PM
टीका लगवाने उत्साह से पहुंच रहे  हजारों लोग, सेंटरों में भारी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अप्रैल।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के छोटे-बड़े सैकड़ों अस्पतालों में कोरोना टीका लगवाने दूसरे दिन भी 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के हजारों लोगों की भारी भीड़ लगी रही। लोग, कोरोना खतरा को देखते हुए सुबह से उत्साह के साथ सेंटरों तक पहुंचते रहे और पहला टीका लगवाते रहे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कोरोना टीका लगवाने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। 

प्रदेश में हेल्थ-फ्रंट लाइन वर्करों, 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों और 45 से 59 वर्ष के अन्य गंभीर बीमारी से पीडि़त लोगों के साथ अब 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। इसके लिए प्रदेशभर में करीब 3 हजार सेंटर बनाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक कल पहले दिन 2 लाख 34 हजार से अधिक लोगों ने कोरोना टीका लगवाया। इसी तरह आज दूसरे दिन भी इन सभी सेंटरों में 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों की दिनभर भीड़ लगी रही। 

राजधानी रायपुर के एम्स अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेदिक अस्पताल, जिला अस्पताल, खोखो पारा-मठपुरैना अस्पताल समेत जिले के डेढ़ सौ से अधिक छोटे-बड़े सरकारी-निजी अस्पतालों में सुबह से कोरोना टीका लगाया जाता रहा। इसी तरह प्रदेश के सैकड़ों सरकारी-निजी अस्पतालों में भी कोरोना टीके लगाए जाते रहे। स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए टीका जरूरी है। ऐसे में लोग जागरूकता के साथ टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचकर टीका लगवाएं। 

उनका कहना है कि प्रदेश में इस उम्र के 58 लाख से अधिक लोगों को टीके लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी तैयारी करते हुए और भी टीकाकरण केन्द्र खोले जा रहे हैं। उनका कहना है कि 45 से ज्यादा उम्र के लोगों के साथ बुजुर्गों और अन्य गंभीर बीमारी से पीडि़त लोगों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में ये टीके मुफ्त लगाए जा रहे हैं। वहीं निजी अस्पतालों में 250 रुपये में ये टीके लग रहे हंै। उनका प्रयास है कि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीके लगे।
 


अन्य पोस्ट