रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मार्च। प्रदेश के दुर्ग जिले में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 1128 नए पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद रायपुर 796, नांदगांव में 222, बिलासपुर में 137 व बेमेतरा जिले में 124 नए पॉजिटिव पाए गए। बाकी 23 जिलों में नए पॉजिटिव सौ से नीचे हैं। स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो गई है, ऐसे में हम सभी को बहुत ही सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रदेश में इस साल जनवरी-फरवरी में नए पॉजिटिव कम रहे। आधा दर्जन जिलों में एक्टिव केस भी नहीं के बतौर रहे। मार्च शुरू होते ही नए पॉजिटिव बढऩे लगे और तीसरे हफ्ते से यहां इसके आंकड़े लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। खासकर दुर्ग-रायपुर में नए पॉजिटिव ज्यादा सामने आ रहे हैं। हालांकि इन जिलों में टीकाकरण की रफ्तार भी बढ़ा दी गई है। सैकड़ों लोग खुद से चलकर टीकाकरण केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में टीका लगवाने वालों की भीड़ और बढ़ सकती है।
स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि कोरोना खतरा बढऩे के साथ ही टीकाकरण को भी बढ़ा दिया गया है। उनका प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगे। उनका कहना है कि नए पॉजिटिव सामने आने पर उनके आसपास के लोगों की भी तुरंत जांच कराई जा रही है। गंभीर मरीज तुरंत अस्पतालों तक भेजे जा रहे हैं। उनका मानना है कि आने वाले दिनों में लोगों को कोरोना से राहत अवश्य मिलेगी।