रायपुर
बूढ़ा तालाब, मोबाइल क्लीनिक का किया अवलोकन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मार्च। स्वीडन दूतावास के उप मिशन प्रमुख गौतम भट्टाचार्य शुक्रवार को छत्तीसगढ़ शासन के अधीन रायपुर निगम व रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का भ्रमण किया। इस दौरान रायपुर के महापौर एजाज़ ढेबर, कमिश्नर सौरभ कुमार, जितेन्द्र शुक्ला,प्रभात मलिक भी उनके साथ थें। श्री भट्टाचार्य ने पूरी ऊर्जा के साथ सर्वांगीण विकास का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य योजनाओं को पूरा करने में जुटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, महापौर ढेबर और उनकी पूरी टीम की सराहना की।
श्री भट्टाचार्य ने छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरूवा, गरूवा, घुरूवा, बारी योजना की विस्तृत जानकारी ली और रायपुर नगर निगम द्वारा संचालित फुंडहर गौठान का अवलोकन किया। इसके बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल क्लीनिक का अवलोकन किया। यहां उन्होंने निर्धन परिवारों को नि:शुल्क चिकित्सकीय सहायता एवं परामर्श के लिए संचालित इस योजना की सराहना की एवं इसे महत्वपूर्ण बताया
भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत संचालित बी.पी. पुजारी शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल गए, जहां उन्होंने रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा जीर्ण-शीर्ण भवन को आधुनिक स्वरूप देकर उन्नत स्कूल के रूप में कायाकल्प किए गए भवन का अवलोकन किया। इस दौरान महापौर ने स्कूल भवन के ऐतिहासिक स्वरूप व इस योजना के जरिए निर्धन परिवारों के बच्चों के अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु किए गए उपायों की विस्तार से जानकारी दी। श्री भट्टाचार्य स्कूल के प्रिंसिपल और छात्र-छात्राओं से भी मिले और उनके द्वारा तैयार किए गए साइंस मॉडल का अवलोकन किया। स्कूली छात्राओं ने उनके स्वागत में कत्थक नृत्य की प्रस्तुति भी दी।
श्री भट्टाचार्य अपने इस प्रवास में विवेकानंद-बूढ़ा तालाब सरोवर भी पहुंचे जहां उन्होंने तालाबों के संरक्षण व संवर्धन के लिए रायपुर नगर निगम व स्मार्ट सिटी द्वारा मिलकर किए गए प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आयुक्त सौरभ कुमार ने इस तालाब की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ ही चरणबद्ध तरीके से तालाब की सफाई व सौंदर्यीकरण के लिए किए गए प्रयासों से उन्हें अवगत कराया। बूढ़ा तालाब में उन्होंने नौका विहार का आनंद लिया।