रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मार्च। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने सत्ता के मद में चूर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों द्वारा सरेआम क़ानून को हाथ में लेकर आम लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने के मामले में कांग्रेस और प्रदेश सरकार की राजनीतिक संस्कृति और कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधा है। श्रीवास्तव ने कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही कांग्रेस की गुंडावाहिनी ने प्रदेश को अपनी बपौती समझकर सत्ता-संरक्षण में समानांतर आतंकराज चला रखा है और प्रदेश सरकार क़ानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती दे रहे अपनी पार्टी के गुंडा तत्वों पर नकेल कसने को लेकर उदासीन है।
श्रीवास्तव ने रायपुर जिले के ही गोबरा-नवापारा में महज़ नेमप्लेट पर तीन साल के एक मासूम बच्चे के हाथों खरोंच पड़ जाने पर आरोपी पार्षद मंगराज सोनकर और उसके पुत्र द्वारा मासूम व उसकी माँ के साथ मारपीट और बीच-बचाव करने आए मासूम के पिता के साथ धक्का-मुक्की किए जाने के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग सत्तावादी अहंकार में इतने क्रूर और संवेदनहीन हो चले हैं कि मामूली-सी बातों को लेकर वे हिंसक हो रहे हैं।