रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मार्च। राजधानी रायपुर के साई टूर एंड ट्रेवल्स ने 45 लोगों की तीर्थ यात्रा के लिए साढ़े 5 लाख से अधिक रकम जमा कराने के बाद भी बस उपलब्ध नहीं कराई। यात्रियों ने बस की मांग करते हुए दबाव बनाया, तो ट्रेवल्स संचालक ऑफिस बंद कर फरार हो गया। पुलिस धोखाधड़ी मामला दर्ज कर जांच में लगी है। आरोपी ट्रेवल्स संचालक भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक शिवानंद नगर खमतराई निवासी डी उमा महेश्वर राव (50) ने अपने 45 परिजनों के साथ बस से शिर्डी, मुंबई व अहमदाबाद की तीर्थ यात्रा के लिए साई टूर एंड ट्रेवल्स में टिकट बुक कराई थी। ट्रेवल्स में इन सभी लोगों की यात्रा के लिए 5 लाख 66 हजार रुपये जमा भी किया था। उनकी यह यात्रा 4 फरवरी से 23 मार्च के बीच तय थी, लेकिन ट्रेवल्स संचालक पी.शेखर राव ने इन यात्रियों को टिकट न देते हुए बस उपलब्ध नहीं कराई।
बताया गया कि तीर्थ यात्रियों ने ट्रेवल्स संचालक को बस उपलब्ध कराने की बार-बार मांग की, लेकिन वह बस उपलब्ध कराने के बजाए अपना ऑफिस बंद कर फरार हो गया। उमा महेश्वर राव व अन्य यात्रियों ने इसकी शिकायत खमतराई पुलिस में की। पुलिस, अब ट्रेवल्स संचालक पर धोखाधड़ी का मामला दर्जकर जांच में लगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रेवल्स संचालक गिरफ्तार कर लिया गया हैं, जांच जारी है।