रायपुर

भाजपा नेता बतायें कि मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के लिए वैक्सीन क्यों नहीं भेज रही-कांग्रेस
23-Mar-2021 5:20 PM
भाजपा नेता बतायें कि मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के लिए वैक्सीन क्यों नहीं भेज रही-कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 मार्च। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कोरोना का खौफ दिखाकर राज्य सरकार पर निराधार आरोपों का सहारा ले रहे छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता पहले यह बतायें कि मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के लिए कोरोना वैक्सीन क्यों नहीं भेज रही है,  जबकि यहां 2 दिन में यह वैक्सीन खत्म होने वाली है। 

उन्होंने जारी एक बयान में आरोप लगाते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में वैक्सीन डोज खत्म होने की स्थिति के लिए भाजपा की केंद्र सरकार ही जिम्मेदार है। पहले कोरोना के नाम पर इकट्ठा किए गए पीएम केयर्स फंड से छत्तीसगढ़ को कोई ठोस मदद नहीं दी गई और अब वैक्सीन मामले में छत्तीसगढ़ के साथ मोदी सरकार भेदभाव और पक्षपात कर रही है। इससे यह स्पष्ट है कि मोदी सरकार की रूचि कोरोना से लडऩे में नहीं, बल्कि विपक्षी दलों से राजनीतिक लड़ाई में बनी हुई है।

श्री त्रिवदी ने कहा है कि वैक्सीन हथियार है कोरोना महामारी के खिलाफ, इसका राजनीतिक उद्देश्य से उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस मांग करती है कि छत्तीसगढ़ को पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। इसमें किसी भी प्रकार का हीला-हवाला, देर या ढील उचित नहीं है। जनस्वास्थ्य से जुड़े कोरोना महामारी जैसे गंभीर मामलों में राजनीतिक कारणों से फैसले नहीं लिए जाने चाहिए।

भाजपा पर स्तरहीन राजनीति का आरोप

 त्रिवेदी ने कहा है कि कोरोना महामारी को लेकर भाजपा स्तरहीन राजनीति कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय इस संबंध में बयानबाजी कर अपनी और अपनी पार्टी की विश्वसनीयता समाप्त करने का काम कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण पूरे देश में फैल रहा है। मध्यप्रदेश में भी बढ़ रहा है, जहां भाजपा की सरकार है।

उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए स्कूलों और विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। चौक-चौराहों पर मास्क को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पूर्व में जब कटघोरा में संक्रमण फैला था तब छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रभावी नियंत्रण पाया था। इस बार भी पूरी तरह से कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी, लेकिन महामारी के मामले में गैर जिम्मेदाराना बयान और स्तरहीन राजनीति से सबको बचना चाहिए।


अन्य पोस्ट