रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के लिए शुक्रवार को यहां देवेन्द्र नगर स्कूल में मतदान होगा। सबसे ज्यादा वोटर रायपुर जिले में हैं, लिहाजा यहां का मतदान निर्णायक होगा। प्रचार के आखिरी दिन दोनों ही पैनल के प्रत्याशियों ने डोर-टू-डोर संपर्क कर अपने पक्ष में वोट डालने का आग्रह किया है।
रायपुर में सबसे ज्यादा 8 हजार से अधिक वोटर हैं। इनमें सिंधी समाज के वोटरों की संख्या सबसे ज्यादा है। कहा जा रहा है कि चुनाव में जातिगत समीकरण भी प्रभावी रहेगा। कुछ लोगों का अंदाजा है कि सिंधी समाज के वोटरों का समर्थन जय व्यापार पैनल के अध्यक्ष प्रत्याशी अमर पारवानी को मिल सकता है। हालांकि सिंधी समाज के बड़े नेता श्रीचंद सुंदरानी, एकता पैनल के अध्यक्ष प्रत्याशी योगेश अग्रवाल के साथ घूम रहे हैं। इसके अलावा भी कई बड़े सिंधी नेता योगेश के साथ हैं। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि सिंधी समाज के वोटर पहले की तरह एकता पैनल के साथ ही रहेंगे।
अब तक के चार चरण के चुनाव में एकता पैनल के प्रत्याशियों के हौसले बुलंद हैं, और जीत के बढ़-चढक़र दावे किए जा रहे हैं। पैनल के रणनीतिकारों का अंदाजा है कि चार चरणों मे व्यापारी एकता पैनल को करीब 2 हजार वोटों की निर्णायक बढ़त मिल रही है। रायपुर में कांटे की टक्कर है। दूसरी तरफ, महामंत्री पद के लिए एकता पैनल के राजेश वासवानी को रायपुर में अच्छा समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। वासवानी को रायपुर के होने का फायदा मिलने की उम्मीद है। दूसरी तरफ, जय व्यापार पैनल के महामंत्री प्रत्याशी अजय भसीन, भिलाई के रहवासी हैं, और यहां उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ रही है। जबकि भिलाई-दुर्ग में उनकी स्थिति मजबूत रही है। उल्लेखनीय है कि चार चरणों में तो 90 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। शनिवार को भी भारी मतदान की उम्मीद है।
एकता पैनल ने अपने घोषणा पत्र में जीएसटी की विसंगतियों को दूर करने, रायपुर के आउटर में नया होलसेल बाजार बनवाने, आन लाइन व्यापार करने वाली कंपनियों अमेजन और फ्लिपकार्ट को टक्कर देने के लिए चैंबर बाजार पोर्टल बनाने ताकि व्यापारी अपना माल उस माध्यम से भी बेंच सके, 24 घंटे व्यापारियों के लिए हेल्प लाइन डेस्क, युवा व महिला व्यवसाईयों के लिए प्रशिक्षण सुविधा तथा उन्हें ऋण दिलाने में सहयोग करने सहित व्यापारी हित के विभिन्न वादे घोषणा पत्र में किये है। मतगणना 21 तारीख को होगी। देर रात तक नतीजे घोषित होने की उम्मीद है।