रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 मार्च। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज चुनाव 2021 के प्रचार अभियान में आज जय व्यापार पैनल की टीम ने कोतवाली चौक, बूढ़ापारा, टिकरापारा, संतोषी नगर, राजेन्द्र नगर, अमलीडीह के व्यापारियों से सम्पर्क किया।
रायपुर से प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंत्री प्रत्याशी सहित टीम के सदस्यों ने स्थानीय व्यापारियों से भेंट करते हुए चुनाव में उनका समर्थन मांगा।
अध्यक्ष प्रत्याशी अमर पारवानी ने बताया कि टीम ने सभी व्यापारियों से जय व्यापार पैनल की आगामी कार्ययोजना साझा की और उनकी समस्याओं का भी जाना। जय व्यापार पैनल के प्रत्याशियों और उनकी टीम को अपने बीच पाकर स्थानीय व्यापारियों में भी जोरदार उत्साह दिखा। सभी ने स्वस्फूर्त होकर जय व्यापार पैनल को अपना समर्थन देने का ऐलान किया।
श्री पारवानी ने बताया कि टिम्बर मार्केट, नर्मदापारा, भनपुरी, टाटीबंध एवं लालगंगा शॉपिग काम्पलेक्स व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। आलू प्याज अढतियां संघ के व्यापारी ने जय व्यापार पैनल के अध्यक्ष, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष की रंगोली बनाकर एवं ढोल नगाडों के साथ सभी प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया।