रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 फरवरी। पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार बढ़ोत्तरी का विरोध करते हुए आप पार्टी ने यहां बूढ़ापारा में प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे से महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और इसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों पर होने लगा है।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों व तानाशाही रवैय्ये की बदौलत आज देश में पेट्रोल 100 का आंकड़ा छूने जा रहा है। 2014 से पहले यही भाजपा के लोग आंदोलन करते दिखाई देते थे, आज वे कहां गए वे। उन्होंने कहा कि इनके दाम बढऩे से सभी संसाधनों पर इसका असर पड़ता है। आवागमन महंगा होने के साथ-साथ रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों पर इसका सीधा असर होता है।
जिला अध्यक्ष कमल नायक ने कहा कि आज जिस प्रकार पेट्रोल ,डीजल व घरेलू गैस के दाम बढ़ रहे हैं, वह देश के लिए चिंता का विषय है। केंद्र सरकार सीधे जनता की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है। इसका असर सब्जी, अनाज दवाइयां के साथ साथ दैनिक उपयोग की चीजों पर होती जा रही है। वहीं जनता का ध्यान भटकाने उन्हें अन्य मुद्दों में उलझाया जा रहा है।