रायपुर

आंदोलन समर्थन में किसानों का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली पहुंचा
13-Feb-2021 6:03 PM
आंदोलन समर्थन में किसानों का  प्रतिनिधि मंडल दिल्ली पहुंचा

50 हजार नगद सहयोग भी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 फरवरी।
किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदेश के किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल कल दिल्ली पहुंचा। किसानों ने केंद्र सरकार से नए कृषि कानून जल्द वापस लेने की मांग की है। 

सीजेडआईईए के महासचिव किसान नेता धर्मराज महापात्रा के नेतृत्व में प्रदेश के किसान दिल्ली में जमे हुए हैं। प्रतिनिधि मंडल में वीएस बघेल, भानुप्रताप सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्नान मोल्ला को 50 हजार का नगद सहयोग दिया गया। इस दौरान किसान सभा के सहसचिव काम वीजू कृष्णन, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के महासचिव डाक्टर विक्रम सिंह, किसान सभा के  पंजाब राज्य महासचिव मेजर सिंह भी मौजूद थे। 

किसान सभा के नेताओं ने इस सहयोग के लिए संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए वर्तमान सरकार की मजदूर, किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ मजदूर-किसानों के साझे संघर्ष की आगामी दिनों में और मजबूती का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि 2 सौ किसानों की शहादत के बाद भी देश के किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में डटे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी मांग पूरी नहीं कर रही है। 
 


अन्य पोस्ट