रायपुर

निगम-मंडलों में नियुक्तियां टली? बजट सत्र के बाद विचार संभव
22-Jan-2021 1:56 PM
निगम-मंडलों में नियुक्तियां टली?  बजट सत्र के बाद विचार संभव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 जनवरी। सरकार के निगम-मंडलों में नियुक्तियां लंबे समय के लिए टल गई है। कहा जा रहा है कि बजट सत्र के बाद ही नियुक्तियों पर चर्चा हो सकती है।

सीएम भूपेश बघेल ने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और सरकार के मंत्रियों के साथ चर्चा कर निगम-मंडल के पदाधिकारियों की एक और सूची तैयार कर ली थी। करीब पौने दो सौ नेताओं को निगम-मंडलों में एडजेस्ट करने की तैयारी थी। इसमें चार विधायकों के भी नाम थे। हालांकि कुछ नामों पर किचकिच चल रही थी।

हल्ला यह भी था कि प्रदेश अध्यक्ष मरकाम अपने कुछ करीबियों का नाम जुड़वाने की कोशिश में थे, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई थी। सूत्र बताते हैं कि पार्टी हाईकमान भी जल्दी-जल्दी सारी नियुक्तियों के पक्ष में नहीं है। राजस्थान और पंजाब जैसे कांग्रेस शासित राज्यों में भी काफी कुछ नियुक्तियां होनी है। पंजाब में तो सरकार के कार्यकाल को तीन साल पूरे होने जा रहे हैं।

सरकार और पार्टी के भरोसेमंद सूत्र ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि नियुक्तियों के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। संभवत: बजट सत्र के बाद ही इस पर चर्चा होगी। विधानसभा का बजट सत्र 26 मार्च तक चलेगा। पार्टी के कुछ दूसरे सूत्रों का कहना है कि नियुक्तियां लंबे समय के लिए टल सकती है। क्योंकि बजट सत्र के बाद कांग्रेस में संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में फिलहाल नियुक्तियां होने की संभावना कम है।

उल्लेखनीय है कि सरकार के सभी मंत्रियों ने अपने-अपने करीबियों के नाम दिए थे। इसके अलावा कुछ साहित्यकार और सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को भी जगह देने की तैयारी थी। जिन निगम-मंडलों में नियुक्तियां होनी है उनमें पर्यटन बोर्ड, अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, वित्त आयोग, अरपा विकास प्राधिकरण, आरडीए और हाऊसिंग बोर्ड में संचालक मंडल के सदस्यों के अलावा कुछ और बोर्ड शामिल हैं।


अन्य पोस्ट