रायपुर
रायपुर, 29 नवंबर। मौसम विभाग के के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। शनिवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस माना में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। वहीं, राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के समय ठंड का असर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, छत्तीसगढ़ में आगामी दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है।