रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। रायपुर में युवती की सूझबूझ से निर्भया कांड होने से बच गया। काम से घर लौट रही एक 23 वर्षीय युवती के साथ मिनी बस चालक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ड्राइवर ने भनपुरी शराब भ_ी के पास बस रोककर युवती को नाश्ता देने के बहाने बस के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। युवती सूझबूझ दिखाते घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीडि़ता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने मिनी बस ड्राइवर दिलहरण पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वह इस बस में 21 नवंबर से डेली सफर कर रही थी।
घटना 26 नवंबर की शाम करीब 7 बजकर 45 मिनट की है। एक निजी कंपनी में कंप्यूटर आपरेटर युवती रोजाना की तरह अपना काम खत्म करने के बाद फाफाडीह से मिनी बस में सवार होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान चालक दिलहरण पाल ने भनपुरी शराब भ_ी के पास बस रोक दी। उसने युवती से पांच मिनट में भजिया और नाश्ता लेकर आने की बात कही और बस से नीचे उतर गया।
कुछ देर बाद चालक नाश्ता लेकर वापस लौटा और उसने बस के सभी दरवाजे तथा खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। इसके बाद उसने युवती को भजिया और पानी दिया। इसी दौरान चालक ने युवती से व्यक्तिगत बातें शुरू करते हुए उसके सामने दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा। पीडि़ता के अनुसार, चालक ने कहा कि उसकी पत्नी उसके साथ घूमने नहीं जाती है, इसलिए वह उसकी दोस्त बन जाए। इतना ही नहीं, उसने युवती से यह भी कहा कि जब बस में अन्य यात्री मौजूद रहें तो वह उसे भैया कहकर पुकारे। युवती ने चालक के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। चालक द्वारा पीछे की सीट पर जाने कहने पर भी युवती ने साफ इनकार कर दिया।
युवती के विरोध करने के बाद चालक ने उसके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। उसने युवती के हाथ, बांह और कमर पकड़ा। इस हरकत से युवती घबरा गई और किसी तरह वहां से सुरक्षित निकलने का प्रयास करने लगी। परिस्थिति को देखते हुए युवती ने हिम्मत और सूझबूझ से काम लिया। उसने कहा कि वह अगले दिन उससे मिलकर दोस्ती के प्रस्ताव के बारे में सोचेगी। इसके बाद जैसे ही उसे बस से उतरने का मौका मिला, वह तत्काल वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गई। युवती ने अपनी मां और भाइयों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना के बारे में पता चलने पर परिजन युवती को लेकर खमतराई थाने पहुंचे। यहां पीडि़ता ने मिनी बस चालक दिलहरण पाल के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।