रायपुर
रायपुर, 29 नवंबर। गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 30 नवंबर को राज्य स्तरीय जनसंचार अभियान शुरू हो रहा है।महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े इस अवसर पर मातृ एवं शिशु पोषण के लिए तैयार सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन संचार रणनीति का विमोचन करेंगी। अभियान में विभाग को तकनीकी सहयोग दे रही आईपीई ग्लोबल की भी सहभागिता रहेगी। अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। राज्य स्तरीय रणनीति के जरिए समुदायों तक सरल और उपयोगी संदेश पहुंचाए जाएंगे। अभियान परिवारों में मातृ पोषण को प्राथमिकता देने और गर्भवती महिलाओं को विविधतापूर्ण, संतुलित आहार उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता बढ़ाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रत्येक जिले की एक पर्यवेक्षक और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के नामांकन की व्यवस्था की गई है। राज्य स्तर पर चयनित पर्यवेक्षक और कार्यकर्ता को सम्मानित किया जाएगा।