रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। धान कटाई के इस मौसम में पूरे प्रदेश में हुये भारी बरसात के चलते कटाई - मिसाई का काम विलंबित हो गया है जिसके चलते लगभग पूरे दिसंबर माह में यह कार्य चरम में होने वाला है । केन्द्र सरकार ने जी राम जी योजना के तहत बुवाई - कटाई के चरम मौसम में खेती हेतु खेतिहर मजदूर की उपलब्धि आसान बनाने राज्य सरकारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 60 दिनों का नो वर्क डे ( प्रतिबंधित दिवस ) घोषित करने का अधिकार दिया है जिसमें से छग सरकार कल 30 नवंबर तक के लिये 20 दिनों हेतु प्रतिबंधित दिवस घोषित कर चुका है । दिसंबर में कटाई - मिसाई व रबी बुआई के चरम मौसम को देखते हुये प्रतिबंधित दिवस को दिसंबर तक बढ़ाने की मांग शासन - प्रशासन से की गयी है ।
ज्ञातव्य हो कि व्ही बी- जी राम जी अधिनियम 2025 के तहत केन्द्र सरकार ने कृषि के चरम मौसम में कृषि श्रम की पर्याप्त उपलब्धता को सुगम बनाने बुवाई व कटाई के मौसम में प्रत्येक वित्तीय वर्ष में कुल 60 दिनों का प्रतिबंधित दिवस घोषित करने का अधिकार राज्य सरकारों को दिया है। प्रदेश सरकार ने बस्तर के पठारी क्षेत्र में बीते 05 नवंबर से 25 नवंबर तक व छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्र व सरगुजा उत्तरी क्षेत्र में 10 से 30 नवंबर तक प्रतिबंधित दिवस घोषित किया है । कानून के अनुसार प्रतिबंधित दिवस में ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के तहत न तो कोई कार्य शुरू ही किया जा सकता है और न ही निष्पादित । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , मुख्य सचिव विकास शील व मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह को मेल से भेजे गये ज्ञापन में भारी बरसात की वजह से कटाई के मौसम में आये? इस प्राकृतिक आपदा के चलते कटाई - मिसाई का कार्य प्रभावित होने व दिसंबर माह में इसके चरम में होने की जानकारी देते हुये कहा गया है कि समितियों के माध्यम से शासन द्वारा बीते 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू किये जाने से लेकर आज तक का और बीते वर्षों में इसी अवधि तक धान खरीदी के आंकड़ों की तुलना करने और टोकन लेने के बाद कितने किसानो द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों तक नहीं पहुंचा पाने की जानकारी लेने से ही स्पष्ट हो जावेगा कि धान कटाई किस कदर असामयिक बरसात की वजह से प्रभावित हुआ है। इसके अतिरिक्त 15 जनवरी तक धान खरीदी की तिथि तय किये जाने से भी स्पष्ट है कि कम से कम दिसंबर माह तक कटाई - मिसाई व रबी फसल बुवाई का काम चलेगा ।