रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। छत्तीसगढ़ के पेंशनरों को 90 माह के लंबित महंगाई राहत (डीआर) एरियर का भुगतान करने की मांग को लेकर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से न्यायोचित निर्णय लेने का आग्रह किया है। महासंघ ने कहा है कि पेंशनरों को उनका वाजिब आर्थिक अधिकार दिलाने के लिए राज्य सरकार को अब सकारात्मक पहल करनी चाहिए।महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा शासन और समाज की सेवा में समर्पित कर चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन ही उनके जीवनयापन का प्रमुख आर्थिक आधार है। ऐसी स्थिति में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच 90 माह के लंबित महंगाई राहत एरियर का भुगतान नहीं होना पेंशनरों के लिए गंभीर आर्थिक चिंता का विषय है। नामदेव ने कहा कि महंगाई राहत पेंशनरों पर सरकार का कोई उपकार या अनुग्रह नहीं, बल्कि बढ़ती महंगाई के प्रभाव को कम करने के लिए मिलने वाला उनका अधिकार है। केंद्र सरकार द्वारा घोषित महंगाई राहत की दर और देय तिथि से राज्य के पेंशनरों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।