रायपुर

कोटा नवीन कालेज 4 माह में पूर्ण करने के निर्देश, नालंदा लाइब्रेरी की धीमी गति पर फटकार
25-Nov-2026 8:49 PM
कोटा नवीन कालेज 4 माह में पूर्ण करने के निर्देश, नालंदा लाइब्रेरी की धीमी गति पर फटकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 नवंबर। पश्चिम  विधायक राजेश मूणत ने बुधवार  सुबह क्षेत्र के दो प्रमुख निर्माणाधीन शैक्षणिक परिसरों का औचक निरीक्षण किया।

विधायक ने सर्वप्रथम कोटा स्थित राम दरबार के समीप 4.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को मार्च 2027 तक संपूर्ण कार्य पूर्ण कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

प्रथम तल पर आधुनिक क्लासरूम, भूविज्ञान प्रयोगशाला, प्राणी विज्ञान प्रयोगशाला एवं प्रबंधन कक्ष आदि का सिविल कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है।

इस नवीन महाविद्यालय भवन के तैयार होने से कोटा, गुढिय़ारी, भारत माता चौक और आसपास  के हजारों छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुलभ सुविधा मिल सकेगी।

इसके बाद उन्होंने ने 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। कार्य की धीमी गति और निर्धारित कार्ययोजना (वर्क प्रोग्राम) से दो माह पीछे चलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए फटकार लगाई। उन्होंने अतिरिक्त संसाधन और श्रमिक लगाकर कार्य में तत्काल तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

 विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और तय समय-सीमा से पीछे चलने वाले अधिकारियों व एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


अन्य पोस्ट