रायपुर

पेंड्रा जलाशय पर खनन का खतरा, किसानों की अनदेखी कर दोबारा शुरू कराया काम-भूपेश
25-Nov-2026 8:46 PM
पेंड्रा जलाशय पर खनन का खतरा, किसानों की अनदेखी कर दोबारा शुरू कराया काम-भूपेश

फसल बीमा, धान खरीदी और मास्टर प्लान को लेकर भी साय सरकार पर साधा निशाना, बिल्डरों से अवैध वसूली का लगाया आरोप

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पेंड्रा जलाशय के आसपास खनन गतिविधियों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 170 साल पुराने जलाशय पर खनन के कारण खतरा मंडरा रहा है। पूर्ववर्ती रमन सिंह सरकार के कार्यकाल में यहां लाइमस्टोन खदानें आवंटित की गई थीं। अब ब्लास्टिंग के जरिए खनन होने से बांध को नुकसान पहुंचने और किसानों की कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका है। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ग्रामीणों और किसानों की आपत्तियों की अनदेखी कर खनन कार्य दोबारा शुरू कराया है। उन्होंने कहा कि खनन के लिए जारी एनओसी में निर्धारित 75 बिंदुओं का पालन नहीं किया गया है। इसके बावजूद खनन जारी है। बघेल ने आरोप लगाया कि साय सरकार को किसानों से ज्यादा फैक्ट्री संचालकों की चिंता है। कांग्रेस जलाशय को बचाने और ग्रामीणों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।

 बघेल ने बारिश और बाढ़ से किसानों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, लेकिन फसल बीमा होने के बावजूद बीमा कंपनियों ने नुकसान का जायजा नहीं लिया। बारिश में भीगे धान को खरीदी केंद्रों से वापस किया जा रहा है और किसानों के टोकन निरस्त किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राइस मिलर्स पर कार्रवाई करने के बजाय किसानों को परेशान कर रही है। किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा और उचित राहत भी नहीं मिल रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने रायपुर मास्टर प्लान को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान में बड़ी गड़बडिय़ां सामने आई हैं। भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने सरकार पर बिल्डरों को धमकाने और उनसे अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली से किसान, ग्रामीण और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोग

परेशान हैं।


अन्य पोस्ट