रायपुर

नेशनल सॉफ्टबॉल बालिकाओं ने पहला मैच जीता
25-Nov-2026 8:35 PM
नेशनल सॉफ्टबॉल बालिकाओं ने पहला मैच जीता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 नवंबर। भटिंडा में चल रहे 44 वीं जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ बालिका टीम ने अपने विजय अभियान की शुरुआत की है।

बालिका वर्ग के पहले लीग मैच में उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ ने पहली इनिंग में 15 रन बनाए और उत्तराखंड के सामने जीत के लिए 16 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उत्तराखंड की टीम छत्तीसगढ़ की कसी हुई पिचिंग और फील्डिंग के सामने टिक नहीं सकी और  शून्य पर आउट हो गई। छत्तीसगढ़ ने यह मैच 15:00 से जीता।

छत्तीसगढ़ की जीत में पिचर लियोना दीप (रायपुर)की घातक पिचिंग और शिल्पा मरपल्ली (बीजापुर), मकदाम हिंगेश्वरी (दंतेवाड़ा) तथा पी. जस्विन (रायपुर) की शानदार बल्लेबाजी की मुख्य भूमिका रही।

कठिन है आगे की राह -बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ को बेहद कठिन पूल मिला है। छत्तीसगढ़ के पूल में उत्तराखंड और पांडिचेरी हैं। पूल में विजेता बनने के बाद छत्तीसगढ़ को अगले दौर में चंडीगढ़ (गत वर्ष की स्वर्ण  विजेता), महाराष्ट्र, मेजबान पंजाब, आंध्र प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली जैसी दिग्गज टीमों में से अगले राउंड में पहुंचने वाली किसी दो टीम को  हराना होगा।

ग्रुप में विजेता या उपविजेता बनने पर छत्तीसगढ़ को सुपर लीग में मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान जैसी मजबूत टीमों से मुकाबला  करना होगा। बालिका टीम के साथ कोच सोनाली साव एवं प्रीति वर्मा हैं।

 बालक वर्ग में पिछले चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम प्रथम आठ स्थान में  स्थान नहीं बना पाई थी, इसलिए इस वर्ष छत्तीसगढ़ को लॉटरी के माध्यम से पूल आबंटित किया गया है। छत्तीसगढ़ के पूल में तेलंगाना और हिमाचल है, तथा ग्रुप में पिछले वर्ष की विजेता चंडीगढ़, राजस्थान और उड़ीसा है। इसी ग्रुप में हरियाणा ,आंध्र प्रदेश हिमाचल, बिहार, केरलम, मणिपुर और झारखंड भी है।  छत्तीसगढ़ बालक वर्ग के मैच आज खेले जाएंगे। इस टीम के कोच बीरू बाघ एवं गौरव डहरिया है।


अन्य पोस्ट