रायपुर
बीते ढाई साल में 161 पकड़े गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अक्टूबर। एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बीते 5 वर्षों में शासकीय कार्य के बदले रिश्वत लेते 193 अधिकारी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों के द्वारा कुल 51.60 लाख रुपए से अधिक की रकम रिश्वत के रूप में लिए गए थे।
ब्यूरो की ओर से दी गई जानकारी अनुसार वर्ष 2023 (चुनावी वर्ष) में एक भी प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था। जबकि 2024 में दर्ज 44 मामलों में 57 अधिकारी कर्मचारी पकड़े गए। वहीं 2025 में दर्ज 60 मामलों में 71 गिरफ्तार किए गए थे। वहीं 2026 में मई तक 24 मामलों में 36 लोग रिश्वतखोरी में पकड़े गए।
ब्यूरो की एक रिपोर्ट के अनुसार राज्य शासन के 28 विभागों में से रिश्वत के सर्वाधिक 56 ट्रैप के मामले राजस्व विभाग में दर्ज किए गए जिनमें 67 लोग पकड़े गए। इनमें एसडीओ से लेकर कोटवार तक शामिल हैं। दूसरे क्रम में स्कूल शिक्षा विभाग में 20 प्रकरणों में 25 सहायक संचालक, डीईओ और लिपिक हाथ आए। पंचायत ग्रामीण विकास में 14 मामलों में 15 और पुलिस विभाग में 10 प्रकरण में 13 रिश्वतखोर मिले। इनमें टीआई से लेकर सिपाही शामिल हैं।
वर्षवार आंकड़ों में 2025 सबसे आगे रहा। इस साल 60 ट्रैप प्रकरण दर्ज किए गए और 71 अधिकारी-कर्मचारी पकड़े गए। वर्ष 2024 में 44 प्रकरणों में 57 लोगों को पकड़ा गया था। वर्ष 2021 और 2022 में 13-13 प्रकरण दर्ज हुए थे। वर्ष 2021 में 14 और 2022 में 18 अधिकारी-कर्मचारी पकड़े गए। वर्ष 2023 में कोई ट्रैप प्रकरण दर्ज नहीं हुआ। वहीं, 28 मई 2026 तक 24 प्रकरणों में 33 लोगों को पकड़ा जा चुका था।
एसीबी के आंकड़ों में रिश्वत मांगने के कारणों में निर्माण कार्यों के भुगतान से जुड़े मामले सबसे अधिक हैं। निर्माण कार्य का भुगतान कराने के एवज में रिश्वत मांगने के 14 प्रकरण दर्ज किए गए। जमीन का सीमांकन, नामांतरण और राजस्व रिकार्ड दुरुस्त कराने के लिए रिश्वत मांगने के आठ-आठ मामले सामने आए। मुआवजा राशि दिलाने के लिए छह और पेंशन या ग्रेच्युटी जारी कराने के लिए पांच प्रकरण दर्ज किए गए।
जिलावार आंकड़ों में सूरजपुर 16 प्रकरणों के साथ पहले स्थान पर है। रायपुर में 13, सरगुजा में 12 और रायगढ़ में 11 मामले दर्ज किए गए। मुंगेली और बिलासपुर में आठ-आठ, जबकि दुर्ग, बलरामपुर और जांजगीर-चांपा में सात-सात प्रकरण दर्ज हुए।