रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 सितंबर। सोलर पैनल का सामान सप्लाई करने का झांसा देकर सुरत के कारोबारी ने रायपुर के कारोबारी से धोखाधड़ी कर दी। आरोपी ने रायपुर के कारोबारी दीपचंद साहू से संपर्क कर उसे सोलर पैनल कम दाम में सप्लाई करने की बात कर उससे 22.49 लाख रूपए लेकर सामान नहीं भेजा। दीपचंद साहू ने धोखाधड़ी होने के शक में इसकी शिकायत पुरानी बस्ती थाना में दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि वह ग्राम सांकरा, जिला धमतरी में रहता है। भाठागांव रिंग रोड एक पर उसकी एलडी कन्स्ट्रक्शन के नाम से ऑफिस है। और वह सोलर पैनल लगाने का काम करता है। एक माह पूर्व सूरत की कंपनी सनरूट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से टेलीफोन पर प्रशांत सिंह ठाकुर से संपर्क हुआ था। फोन पर उसने वारी कंपनी के सोलर पैनल और इनवर्टर की सप्लाई करने की जानकारी दी। जिसके लिए 10 मार्च 2026 को प्रोफार्मा इनवॉयस जारी किया गया। जिसके बाद दीपचंद साहू और उनके मित्र 11 मार्च को सूरत पहुंचे, जहां प्रशांत सिंह ठाकुर से मुलाकात के बाद माल की सप्लाई के लिए एडवांस भुगतान की मांग की गई। इसके बाद दीपचंद ने उसकी मांगी गई रकम 11 और 12 मार्च को आरटीजीएस के माध्यम से 14.79 लाख रुपए कंपनी के बैंक खाते में जमा करा दिए। इसके लिए कंपनी ने 7 से 10 दिनों के भीतर माल रायपुर पहुंचाने का आश्वासन दिया था। जिसके बाद अब तक सामान नहीं भेजा गया। फोन पर संपर्क करने पर आरोपी ने बाजार में माल की कमी बताते हुए समय मांगा। कंपनी की ओर से अतिरिक्त माल की जरूरत के संबंध में पूछे जाने पर दीप ने और सामान का ऑर्डर दिया। इसके लिए 1 अप्रैल 2026 को 7.70 लाख रुपए अतिरिक्त दिए गए थे। इस प्रकार उसने 22.49 लाख रूपए का ीाुगतान किया था। इसके बावजूद भी ऑर्डर किए गए सोलर उपकरणों की डिलीवरी नहीं की गई। कई बार संपर्क करने के बाद कंपनी की ओर से ई-मेल के जरिए 21 से 30 अप्रैल के बीच सामान पहुंचाने,पूरी रकम वापस करने का आश्वासन दिया गया था। 30 अप्रैल को दोबारा संपर्क करने पर भी रकम वापस नहीं किए जाने पर दीपचंद साहू ने धोखाधड़ी की शक में प्रशांत ठाकुर के खिलाफ शिकायत दी।