रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 सितंबर। धरसींवा इलाके में शुक्रवार तडक़े गश्त के दौरान पुलिस को एक टाटा मैजिक वाहन में चादर से बंधा शव मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है कि शव को ठिकाने लगाने या छिपाने के लिए वाहन से ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, चार सितंबर की रात 1:15 बजे रात्रि गश्त के दौरान ग्राम परसतराई में नहर पुलिया के पास पुलिस टीम को सामने से एक टाटा मैजिक आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गाड़ी पीछे करना शुरू कर दिया।
पूछताछ में चालक ने खुद को रावाभाठा निवासी बताते हुए वाहन को बुकिंग में चलाने की बात कही। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान बाइक से दो युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक ने खुद को रावाभाठा का जिला अध्यक्ष बताया। दोनों सवार आगे निकल गए।
शक होने पर पुलिस ने वाहन खड़ा कर रास्ता रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक ने टाटा मैजिक को परसतराई बस्ती की और ले गया। पुलिस के पीछा करने पर
वाहन चालक शीतला मंदिर के पास गाड़ी छोड़ भाग गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर एक व्यक्ति चादर में लिपटा मिला। उसका एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था। जांच करने पर पुलिस ने पाया कि उसकी मौत हो चुकी है।
शव को चादर से बांधे जाने और वाहन में इस तरह रखे जाने से पुलिस को आशंका है कि मृतक की हत्या के बाद शव को कहीं ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान, हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।