रायपुर

बर्ड वाटर फीडर से पक्षियों की सेवा, सीड बॉल से हरियाली
08-Jun-2026 4:26 PM
बर्ड वाटर फीडर से पक्षियों की सेवा, सीड बॉल से हरियाली

पीएमश्री समर कैम्प की अनोखी पहल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 8 जून। शासन के निर्देशानुसार पीएमश्री सेजेस उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अभनपुर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से समर कैम्प-2026 का आयोजन किया जा रहा है। कैम्प में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं जीवन कौशल से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

समर कैम्प के अंतर्गत ड्राइंग एवं पेंटिंग, पेपर क्राफ्ट, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, सीड बॉल निर्माण, वृक्षारोपण, योगाभ्यास, गायन, नृत्य एवं रोल प्ले जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

विशेष रूप से विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक हेमन्त कुमार साहू के मार्गदर्शन में बर्ड्स वाटर फीडर (पक्षियों के लिए पानी का बर्तन) तैयार किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना तथा उनके संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। इसी प्रकार प्राचार्य डॉ .तारा त्रिपाठी के द्वारा सीड बॉल (बीजों के गोले) निर्माण एवं वृक्षारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा रही है।

समर कैम्प में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है। वे विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेते हुए अपनी सृजनात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं आत्मविश्वास का विकास कर रहे हैं। विद्यालय परिवार द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि विद्यार्थी अवकाश के समय का सदुपयोग करते हुए नई-नई विधाओं को सीखें तथा समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।

विद्यालय के शिक्षक हेमन्त कुमार साहू ने बताया कि समर कैम्प के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने का आनंददायक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। समर कैम्प 2026 प्राचार्य डॉ.तारा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विद्यालय के समस्त शिक्षकों के द्वारा किया जा रहा है ।


अन्य पोस्ट