रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मई। महादेव घाट स्थित एनीकट डैम में 24 मई को डूबने से युवक की मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस पेट्रोलिंग की लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के परिजन अजीत नाडार ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि उसका 19 वर्षीय बेटा रोशन नाडार फर्नीचर का काम करता था। 24 मई को दुकान में छुट्टी होने के कारण वह घर पर था। इसी दौरान उसका दोस्त यशवंत साहू, जो गोकुल नगर का निवासी बताया जा रहा है, उसे महादेव घाट नदी घूमने ले गया था।
परिजनों के मुताबिक उसी दिन शाम 6.30 से 7 बजे के बीच उन्हें फोन पर सूचना मिली कि रोशन नदी में डूब गया है और उसे रायपुर के ओम हॉस्पिटल लाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां यशवंत साहू ने बताया कि वह और रोशन नदी किनारे बैठे थे। उसी दौरान वहां पुलिस पेट्रोलिंग टीम पहुंची, जिसे देखकर रोशन नदी में कूद गया। आरोप है कि पुलिस ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया और वहां से वापस लौट गए। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से रोशन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के पिता अजीत नाडार ने बताया कि उनके बेटे को तैरना आता था, इसलिए उसके डूबने की संभावना कम है। उन्होंने आशंका जताई है कि या तो रोशन को डुबोकर मार दिया गया या फिर पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण उसकी जान चली गई। परिजनों ने यह भी बताया कि रोशन के पास दो मोबाइल फोन थे, जो अब तक नहीं मिले हैं।
घटना की सूचना के बाद डीडी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं यशवंत साहू से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


