रायपुर

अंधविश्वास विकास का सबसे बड़ा रोड़ा-डॉ. दिनेश मिश्र
05-May-2026 8:31 PM
अंधविश्वास विकास का सबसे बड़ा रोड़ा-डॉ. दिनेश मिश्र

रायपुर, 4 मई। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियाँ, खासकर टोनही (डायन) प्रथा, समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा हैं।

डॉ. मिश्र ने विमतारा सभागृह में सामाजिक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भय, असुरक्षा, गरीबी और अज्ञानता अंधविश्वास को जन्म देती हैं। उन्होंने 30 वर्षों के अनुभव का हवाला देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बीमार बच्चे को अस्पताल ले जाने की बजाय ओझा-गुनिया के पास ले जाया जाता है, जिससे इलाज में देरी होती है और कई बार जान भी चली जाती है।

उन्होंने जोर दिया कि अंधविश्वास महिलाओं पर हिंसा और सामाजिक बहिष्कार का मुख्य कारण बनता है। संविधान के अनुच्छेद 51A(h) के तहत हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करे।

डॉ. मिश्र ने कार्यकर्ताओं को सुझाव देते हुए कहा कि भय को समझकर संवाद करें, प्रयोगों से विज्ञान दिखाएँ और वैज्ञानिक सोच को स्वास्थ्य, खेती व आजीविका से जोड़ें।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्य प्रदेश के सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट