रायपुर

11 साल के बच्चे के दिल से चिपका कैंसर निकाला, बना कीर्तिमान
17-Mar-2026 7:47 PM
11 साल के बच्चे के दिल से चिपका कैंसर निकाला, बना कीर्तिमान

रायपुर, 17 मार्च। पं. नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जटिल और असंभव माने जाने वाले ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संभव बनाया है। विभाग की टीम ने 11 वर्ष के एक बच्चे के हृदय से चिपके अत्यंत दुर्लभ स्टेज-3 इनवेसिव थायमिक कैंसर (टाइप-बी थायमोमा) का सफल ऑपरेशन कर विश्व स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसमें खास बात यह है कि अब तक मेडिकल जर्नल में इस प्रकार के कैंसर का सबसे कम उम्र का मरीज 12 वर्ष का दर्ज है, जबकि राज्य में 11 साल के बच्चे में यह बीमारी पाई गई और उसका सफल ऑपरेशन भी किया गया। अम्बेडकर अस्पताल के हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू एवं उनकी टीम द्वारा यह जटिल सर्जरी की गई। ऑपरेशन के छह माह बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और इस वर्ष उसने पुन: स्कूल जाना शुरू कर कक्षा छठवीं की परीक्षा भी दी है।

डॉक्टरों के अनुसार यह ट्यूमर सामान्यत: 40 से 60 वर्ष के लोगों में पाया जाता है और बच्चों में इसका मिलना अत्यंत दुर्लभ है।

चांपा निवासी कक्षा छठवीं में पढऩे वाले इस बच्चे को करीब छह महीने से छाती में दर्द, भारीपन और सांस फूलने की शिकायत थी। जांच में पता चला कि उसके सीने में बड़ा ट्यूमर है, जो हृदय और मुख्य धमनियों से चिपका हुआ है। प्रदेश के कई अस्पतालों में ऑपरेशन से मना किए जाने के बाद मरीज को अम्बेडकर अस्पताल भेजा गया।

डॉ. कृष्णकांत साहू ने सीटी स्कैन देखने के बाद परिजनों को बताया कि ऑपरेशन अत्यंत जोखिम भरा है और सर्जरी के दौरान मरीज की जान को खतरा हो सकता है या ऑपरेशन बीच में रोकना पड़ सकता है। इसके बावजूद परिजनों ने सहमति दी और टीम ने सर्जरी का निर्णय लिया।

सर्जरी टीम में एनेस्थेटिस्ट- डॉ. बालस्वरूप साहू, डॉ. संकल्प दीवान, जूनियर डॉक्टर- डॉ. आयुषी खरे, डॉ. ख्याति, डॉ. संजय त्रिपाठी, एनेस्थेसिया टेक्नीशियन- भूपेन्द्र, नरेन्द्र, हरीश, निराकार, नर्सिंग स्टाफ- राजेन्द्र,नूतन, मुनेश, चोवा, दुष्यंत, तेजश्री

यह पूरा उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीज को पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान किया गया।


अन्य पोस्ट