रायपुर

पंडरी के स्पोर्ट्स शोरूम से ढाई लाख की चोरी, हाउसिंग कॉलोनी में भी ताला टूटा
26-Nov-2026 7:27 PM
पंडरी के स्पोर्ट्स शोरूम से ढाई लाख की चोरी, हाउसिंग कॉलोनी में भी ताला टूटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 नवंबर। राजधानी में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई है। पंडरी स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम से अज्ञात चोर ने 2 लाख 56 हजार 163 रुपये नकद और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया। वहीं मंदिर हसौद क्षेत्र के ग्राम कुरूद भांठापारा में सूने मकान का ताला तोडक़र करीब 57 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पार कर दिए गए।

 घटना लोधीपारा चौक पंडरी में क्रोमा इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के बाजू स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम की है। स्टोर मैनेजर निलेश ने 24 नवंबर की रात 9.30 बजे दुकान बंद कर ताला लगाया था। दूसरे दिन सुबह 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर सीसीटीवी कैमरा और सामान बिखरा पड़ा था। दूकान के गल्ले से भी नकदी गायब थे। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रात 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान में घुसता दिखाई दिया। आरोपी कैमरे से छेड़छाड़ करने के बाद डीवीआर और लॉकर में रखी रकम लेकर फरार हो गया।

वहीं दूसरी घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम कुरूद भांठापारा की है। मनीषा अपने परिवार के साथ 23 नवंबर को शादी समारोह में गई थीं। 25 की सुबह पड़ोसी ने उसे घर खुला होने की सूचना दी। सूचना पर मनीषा ने घर पहुंचकर देखा तो मेन गेट का दरवाजा खुला हुआ था। ताले भी टूटे हुए थे। अंदर आलमारी में रखे सोने -चांदी के जेवर पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरी गए जेवरात की कीमत  57 हजार बताई गई है।

 

 मेले में तीन महिलाओं के गले से सोने के जेवर पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 नवंबर। रायपुरा स्थित महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा पर दो दिनी मेले में शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों से लोग आए थे। इसी का फायदा उठा चोर गिरोह भी सक्रिय हो गए। इस बीच मेले में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने तीन महिलाओं के गले से सोने के जेवर पार कर दिए। 24 की शाम हटकेश्वरनाथ मंदिर के आसपास हुई। इन घटनाओं में 1 लाख 5 हजार रुपये के सोने के आभूषण चोरी हुए हैं। पीडि़तों की शिकायत पर दीनदयाल नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  शिवम विहार कॉलोनी निवासी जलेश्वरी जांगड़े ने शिकायत में बताया कि वह शाम 5 बजे मेला घूमने गई थी। इसी दौरान हटकेश्वरनाथ मंदिर के पास शाम 5.30 बजे उसके गले से सोने की चेन गायब थीं। चेन की कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है। इसी तरह बोरियाखुर्द निवासी सीता साहू अपने पति के साथ मेला घूमने पहुंची थीं। उनके गले में सात पत्ती वाली सोने की माला थी, जिसे अज्ञात चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर पार कर दिया। इसकी कीमत भी करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। तीसरी घटना में गोबरा नवापारा निवासी एक महिला अपनी बेटी के साथ मेला घूमने आई थीं। शाम करीब 5 बजे हटकेश्वर मंदिर के पास उनके गले से सोने का मंगलसूत्र गायब हो गया। भिड़ का फायदा उठाकर चोर ने उसके गले से चेन लूट कर फरार हो गया। जानकारी होने पर पीडि़तों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने तीनों ही मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 304-4 का अपराध दर्ज किया है। आसपास पूछताछ कर संदिग्धों की पतासाजी की जा रही है।


अन्य पोस्ट