रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मार्च। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पॉर्किंग में खड़ी गाडिय़ां अब चोरों के निशाने पर है। रात के अंधेरे में कुछ युवकों का गिरोह पार्किंग में खड़ी गाडिय़ों से पेट्रोल और कीमती पार्ट्स चोरी कर रहा है। 14 मार्च को हुई यह चोरी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पॉर्किंग संचालक और वाहन स्वामियों को मामले की शिकायत पुलिस में दी है। पुलिस ने रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरु कर दी है।
फुटेज में रात कुछ युवक बाइक और स्कूटी से पार्किंग के भीतर दाखिल होते हैं। और बड़ी ही चालाकी से दोपहिया वाहनों की पेट्रोल पाइप निकालकर बोतलों में पेट्रोल भरते नजर आ रहे हैं। चोर सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, बल्कि गाडिय़ों के साइड मिरर, क्लच लीवर और अन्य छोटे लेकिन कीमती स्पेयर पार्ट्स भी निकाल ले जा रहे हैं।
सुबह जब लोग अपनी ड्यूटी या काम के लिए गाड़ी लेने पहुंचते हैं, तो उन्हें वाहन स्टार्ट न होने पर चोरी का पता चलता है। पुलिस जांच कर रही है।