रायपुर

महिला वकील से छेड़छाड़, आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर
15-Mar-2026 8:03 PM
महिला वकील से छेड़छाड़, आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 मार्च। राजधानी रायपुर में शनिवार को अलग-अलग थाना इलाकों में छेड़छाड़, शासकीय कार्य में बाधा और सडक़ हादसे के बाद मारपीट के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टिकरापारा पुलिस के मुताबिक कल शाम महिला अधिवक्ता के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है।

कैलाशपुरी टिकरापारा निवासी रूपा बाघ ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 14 मार्च 2026 की शाम करीब 5.15 बजे वह अपनी महिला अधिवक्ता साथियों के साथ न्यायालय से लौटते समय भगत सिंह चौक के पास कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए रुकी थीं।

इसी दौरान स्कूटी सीजी04 क्यूपी 0329 का चालक लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए आया और उनसे अभद्र टिप्पणी करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने बीच बाजार उनका हाथ पकडक़र गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी।

आरोपी नशे की हालत में था और उसके साथ एक नाबालिग लडक़ा भी बैठा था। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी साथी अधिवक्ता पल्लवी साहू और सुमन साहू के साथ भी आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट की। घटना में रूपा बाघ को चोट आई। उसकी सहेली धक्का लगने से गिर गईं। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  गाड़ी नम्बर से आरोपी की तलाश की जा रही है।

उधर सरस्वती नगर इलाके में सडक़ हादसे के बाद मारपीट का मामला हो गई। मारूति लाइफ स्टाइल सोसायटी निवासी अधिवक्ता अखिलेश कुमार ने शिकायत में बताया कि 14 मार्च की रात करीब 8.15 बजे वह अपनी एक्टिवा से सोसायटी के गेट नंबर-1 से घर जा रहा था।

इसी दौरान कार सीजी 04पीटी9545 के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाकर उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्क्र की वजह से अखिलेश वहीं गिर गया। विरोध करने पर कार चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति ने गाली गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने अलग -अलग मामले में आरोपी के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट