रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मार्च। चेट्रीचंड के पावन अवसर पर वरुणावतार भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय सिंधियत जो मेलो (14–15 मार्च 2026) का भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लगभग 10 हजार से अधिक समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रदेश प्रवक्ता सुभाष बजाज ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सिंधी कलाकार जतिन उदासी और मोहित लालवानी ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
मोहित लालवानी ने जैको खटि आयो खैर सा होजमालो, दमादम मस्त कलंदर और तुम प्रेम हो तुम प्रीत हो राधे जैसे जैसे लोकप्रिय भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं जतिन उदासी ने ओ लाल मुंजी पत् रखजो भला झूले लालण और जिए मुंहीजी सिंध माँ त घोरया पहिंजी जिंद जैसे सिंधी लोकगीतों पर शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर समाजजन लोकनृत्य करते हुए झूम उठे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और आरती के साथ हुई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री केदार कश्यप, विधायक मोतीलाल साहू और धमतरी महापौर रामू रोहड़ा शामिल हुए।
अतिथियों ने अपने संबोधन में सिंधी समाज को पुरुषार्थी और परिश्रमी समाज बताते हुए कहा कि समाज ने धर्म, संस्कृति, व्यापार और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के आसुदाराम वाधवानी, अमर पारवानी, महेश दरयानी, अमित चिमनानी, ललित जयसिंग, बलराम आहुजा, महेश रोहरा, रमेश मिरघानी, भरत बजाज, जीवतराम बजाज, कैलाश खेमानी, कैलाश बालानी, सुभाष बजाज सहित अनेक पदाधिकारियों और समाजजनों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम देर रात तक भजनों और सिंधी लोकनृत्यों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में चलता रहा।