रायपुर

19 से चैत्र नवरात्र, मंदिरों में जंवारा-ज्योति कलश
14-Mar-2026 7:33 PM
19 से चैत्र नवरात्र, मंदिरों में जंवारा-ज्योति कलश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मार्च। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में 19 से चैत्र नवरात्रि की शुरूआत हो रही है। इस दिन घरों में भी शुभ मुहुर्त में बोये जाएंगे जवारा ज्योति कलश स्थापना।  शक्ति उपासना के इस महापर्व को लेकर मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। इसके साथ ही प्रमुख देवी मंदिरों के साथ-साथ छोटे-बड़े मंदिरों में भी रंग-रोगन, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

रायपुर के प्राचीन माता मंदिर महामाया, कुशालपुर स्थित यादव समाज की कुलदेवी मानी जाने वाली मां दंतेश्वरी, आकाशवाणी चौक स्थित काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में नवरात्रि की ज्योति स्थापना के लिए तैयारियां हो गई हैं। इन मंदिरों में मनोकामना ज्योति और कलश स्थापना के लिए  बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। भक्त अखंड ज्योति जलाने के लिए पहले से ही नाम दर्ज करा रहे हैं। मंदिर समितियों की ओर से भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

महामाया मंदिर के पुजारी मनोज शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक मनाई जाएगी। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है। पहले दिन कलश स्थापना के साथ नवरात्रि की शुरुआत होगी।

शास्त्रों के अनुसार माता की सवारी शेर है। लेकिन सप्ताह के सात दिनों के हिसाब से मां की सवारी अलग-अलग होती है। गुरुवार को शुरू हो रही नवरात्री के दौरान मां आदि शक्ति इस बार डोली में सवार होकर आ रही है। वहीं इस बार माता का प्रस्थान हाथी पर बताया जा रहा है, जो कि बहुत ही शुभ संकेत माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हाथी पर गमन होने से अच्छी वर्षा होती है। देश में सुख समृद्धि बढऩे के संकेत हैं।

इस वर्ष एक विशेष संयोग

अमावस्या तिथि के साये में ही कलश स्थापना की जाएगी। हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 19 मार्च को सुबह 6 बजकर 52 मिनट से प्रारंभ होगी, लेकिन सूर्योदय अमावस्या तिथि में होने के कारण शास्त्र सम्मत विधि से उसी समय घट स्थापना का विधान बनेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस दिन शुक्ल योग, ब्रह्म योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का दुर्लभ संयोग भी बन रहा है। जो बेहद शुभ और फलदायी माना जा रहा है।

घट स्थापना और मुहुर्त

 पहला श्रेष्ठ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 02 मिनट से 8 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। वहीं दूसरा शुभ समय सुबह 9 बजकर 16 मिनट से 10 बजकर 56 मिनट तक रहेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इन स्थिर लग्नों में घट स्थापना करने से देवी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। घरों में ज्योति कलश स्थापना भी इसी मुहुर्त में होगा।


अन्य पोस्ट