रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 14 मार्च। मेडिकल कैशलेस कर्मचारी कल्याण संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और हाल ही में बजट में घोषित मेडिकल कैशलेस योजना के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और शाल भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने बजट में प्रदेश के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए मेडिकल कैशलेस सुविधा की घोषणा की है। इस योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। संगठन के अनुसार वे पिछले कई वर्षों से प्रदेश के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए विभिन्न अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 29 मार्च को भिलाई में प्रस्तावित अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित रूप से सहमति जताई।
इस दौरान पदाधिकारियों ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को भी इस पहल में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष उषा चंद्राकर ने कहा कि मेडिकल कैशलेस सुविधा को लेकर संगठन पिछले करीब तीन वर्षों से प्रयास कर रहा था। संगठन के संरक्षक **राकेश सिंह** ने भी इस मांग को पूरा करने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संगठन के संरक्षक राकेश सिंह, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष लिखेश वर्मा, प्रदेश संयोजक पियूष गुप्ता, कोषाध्यक्ष विजय कोचेद्र, प्रदेश उपाध्यक्ष अजु राम सिन्हा, दुर्ग संभाग अध्यक्ष पंकज राठौर, रायपुर संभाग अध्यक्ष देव साहू, प्रांतीय संयुक्त सचिव कुंदन साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी प्रदेश संयोजक पियूष कुमार गुप्ता ने दी।