रायपुर
मंत्री अग्रवाल ने कहा-परीक्षण कराकर स्वीकृति दी जाएगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर। पर्यटन,धर्मस्व और धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने विधानसभा में घोषणा कि दामाखेड़ा आश्रम स्थल के विकास के लिए जैसे जैसे प्रस्ताव आएंगे परीक्षण कर स्वीकृति दी जाएगी।
प्रश्न काल में कांग्रेस विधायक इंद्र साव ने कहा कि दामाखेड़ा में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। इनके लिए कांग्रेस शासन काल में 22.43 करोड़ की स्वीकृति दी गई थी। वहां कबीर सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ की और जरूरत है। 500 शौचालय निर्माण, 100 कमरों के धर्मशाला की आवश्यकता है। कब तक स्वीकृति देंगे। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की सनातन सरकार ने पहले ही राशि डबल कर दी है। जैसे जैसे मांगे आएंगी परीक्षण कर स्वीकृत करेंगे। इससे पहले साव ने जिले के मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए 73 प्रस्ताव दिए गए थे। 18-23 तक स्वीकृत कार्य पूर्ण बताया गया है। 24 में मैंने 11-12 प्रस्ताव दिए थे केवल एक ही स्वीकृत किया गया है। यह कार्य कब तक पूर्ण होगा। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि 25 में एक की स्वीकृति दी गई है। ग्राम पंचायत काम कर रहा है। बाद में मिले 7 प्रस्ताव के प्राक्कलन प्रक्रियाधीन है जल्द स्वीकृत करेंगे।
इसी तरह से कांग्रेस के अटल श्रीवास्तव ने कोटा विधानसभा में अपूर्ण सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर प्रश्न उठाया। उन्होंने कहा कि बीते 2 वर्ष में कोटा में मंडी निधि से एक सामुदायिक भवन निर्माण के लिए लिए जनवरी 25 को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई और एक साल बाद प्रश्न लगने से पहले टेंडर लगाया गया है। आखिर काम कब होगा। कहां समस्या है कौन अधिकारी रोक रहे हैं। इस पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि आपको तो धन्यवाद देना चाहिए कि टेंडर लग गया है। अब काम भी शुरू हो जाएगा।


