रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 मार्च। व्यपारी ने अपने ही कर्मचारी पर धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगाया है। आरोप है कि कर्मचारी संस्था से 10 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। पुलिस कर्मचारी के खिलाफ 316-4 का अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
देवेन्द्र नगर सेक्टर-2 निवासी विजय गोयल ने गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे आयरन एंड स्टील ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। उनका कार्यालय शंकर नगर स्थित क्रिस्टल आर्केट के तीसरे माले में स्थित है। विजय गोयल ने पुलिस को बताया कि जय प्रकाश साल्वे उर्फ अनिल साल्वे उसके कार्यालय में 17-18 वर्षो से काम कर रहा है। इस बीच जय प्रकाश को कार्यालय में पूरा काम संभालता था। इनमें बैंक में पैसे जमा करना, बैंक से पैसे निकालना, व्यापार से संबंधित भुगतान लाना और ले जाना साथ ही माल की लोडिंग और अनलोडिंग करवाना जैसे काम शामिल थे। लंबे समय से काम करने के कारण व्यापारी को उस पर भरोसा हो गया था। ऑफिस के काम के लिए उसे एक बाइक भी दिया गया था। जिस पर वो कलेक्शन और कम्पनी के अन्य काम करता था। इस बीच 10 मार्च की दोपहर लगभग 1 बजे विजय गोयल ने जय प्रकाश साल्वे को कलेक्शन के लिए स्टेशन रोड स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स के शॉप नंबर 225 भेजा था। जहां से जय प्रकाश को व्यपार के 10 लाख रुपए लेने थे।
आरोप है कि जय प्रकाश साल्वे अरिहंत कॉम्प्लेक्स पहुंचा और वहां से 10 लाख रुपए लेकर इस बारे में कार्यालय को कोई जानकारी नहीं दी। कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। शक होने पर विजय गोयल ने अरिहंत कॉम्प्लेक्स के संबंधित दुकान में संपर्क किया तो पता चला कि दोपहर 2 से 3 बजे के बीच जय प्रकाश साल्वे को 10 लाख रुपए नगद दे दिए गए थे। इसके बाद जय प्रकाश साल्वे के घर जाकर भी संपर्क किया। वहां पता चला कि वह घर भी नहीं पहुंचा। और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। इस प्रकार जय प्रकाश ने ग्राहकों से पैसा लेकर उसे कार्यालय में जमा न कर धोखाधड़ी की। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने फरार कर्मचारी के खिलाफ धारा 316-4 का अपराध दर्ज किया है।


