रायपुर

ज्वेलरी दुकान से 4.93 लाख के जेवर लेकर महिला फरार, साथी युवक पकड़ा गया
13-Mar-2026 7:35 PM
ज्वेलरी दुकान से 4.93 लाख के जेवर लेकर महिला फरार, साथी युवक पकड़ा गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मार्च। टिकरापारा इलाके में ज्वेलरी दुकान से 4.93 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर लेकर एक महिला फरार हो गई। वहीं उसके साथ आया युवक भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे दुकानदार और आसपास के लोगों ने पकड़ लिया। शिकायत के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार महिला की तलाश की जा रही है।

घटना गुरुवार दोपहर बाद देवपुरी सतनाम चौक स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स में हुई। दुकान संचालक दुर्गा प्रसाद सोनी, निवासी कुशालपुर तिरंगा चौक रायपुर ने टिकरापारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुकान संचालक ने बताया कि उनकी देवपुरी में मां दुर्गा ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी की दुकान है। गुरूवार को उसके दुकान पर एक महिला और पुरूष ज्वेलरी खरीदने दुकान पर आए थे। महिला ने सोने का रानी हार खरीदने के लिए डिजाइन दिखाने की बात कही।

इसके बाद दुर्गा प्रसाद सोनी अपने परिचित सत्यांशु सोनी के साथ पास ही स्थित नवीन जैन की दुकान से एक सोने का रानी हार लेकर आए और महिला को दिखाया। महिला ने जेवर पसंद आने पर उन्हें पहनकर देखने की बात कही।

महिला ने सोने का रानी हार कीमत 3,45,000 एक जोड़ी कान की बाली कीमत 1,08,000 रुपए और 19 हजार की सोने की अंगूठी चांदी की पायल कीमत 16,200 रुपए और चांदी की तीन जोड़ी बिछिया 4,300 रुपए को पहन लिए। इसके बाद महिला अपने सहली को दुकान का पता बताने के बहाने फोर करते हुए दुकान से बाहर चली गई। कुछ देर बाद महिला ने कहा कि उसकी सहेली दुकान का पता नहीं ढूंढ पा रही है, इसलिए वह उसे लेने जा रही है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उसके साथ आए युवक ने महिला को फोन लगाया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इस दौरान महिला के साथ आया युवक भी चुपचाप वहां से भागने की कोशिश करने लगा। जिसे दुकान संचालक और उनके बेटे ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम मेष राम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। दुकान संचालक दुर्गा प्रसाद सोनी ने मामले की शिकायत टिकरापारा थाना में दर्ज कराई

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार महिला की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट