रायपुर

घरेलू, बीपीएल, कृषि उपभोक्ताओं को मूल राशि एवं अधिभार में छूट
13-Mar-2026 7:34 PM
घरेलू, बीपीएल, कृषि उपभोक्ताओं को मूल राशि एवं अधिभार में छूट

साय ने की सीएम बिजली बिल भुगतान समाधान योजना शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की लांचिंग की। इसमें कोरोना महामारी व अन्य कारणों से बकाया विद्युत बिलों के भुगतान से उपभोक्ताओं को सीधे राहत प्रदान की जाएगी। प्रदेश 29 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को 758 करोड़ रुपए तक की सीधे छूट मिलेगी। इतनी बड़ी राशि पहली बार एकमुश्त बिजली उपभोक्ताओं की माफ की जाएगी।

मेडिकल कालेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह योजना 30 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगी। भुगतान के बाद उन्हें एम-ऊर्जा (मुख्यमंत्री उर्जा राहत जन अभियान) का लाभ मिलना शुरु हो जाएगा, इसके तहत उन्हें 400 यूनिट तक खपत करने पर 200 यूनिट तक आधा बिल राशि की छूट मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने एमबीबीएस योजना के तहत लाभान्वित उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 2931 हितग्राहियों को राज्य शासन की ओर से देय सब्सिडी 8 करोड़ 79 लाख रूपए का बटन दबाकर हस्तानांतरण किया गया। इसके अलावा पीएम कुसुम सहित अन्य योजना के हितग्राहियों को भी प्रमाण पत्र दिया गया। महिला स्वसहायता समूह को पीएम सूर्यघर का वेंडर बनाने का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

ऊर्जा सचिव तथा पॉवर कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने  बताया कि इस योजना के अंतर्गत 31 मार्च 2023 की स्थिति में बकाया राशि को आधार मानकर उपभोक्ताओं को मूल राशि एवं अधिभार (सरचार्ज) में छूट प्रदान की जाएगी।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि एमबीबीएस योजना को इस तरह याद रखें, मोर बेटा बिष्णुदेव साय। इस योजना से गरीब, किसानों के साथ आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए यह अच्छी योजना है। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी भीमसिंह कंवर ने कहा कि इस योजना का क्रियान्वयन आज से ही सभी वितरण केंद्रों में कर दिया गया है। इसके लिए गांव-गांव में शिविर लगाये जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिले।


अन्य पोस्ट