रायपुर
रायपुर, 12 मार्च। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कई माह पूर्व आईएएस के अधिकारियों को केन्द्र के समान 1 जुलाई 2025 से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) प्रदान करने का आदेश जारी कर दिया गया है। इसके बाद राज्य सेवा के कर्मचारियों को भी जनवरी 2026 से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का आदेश जारी किया जा चुका है, किन्तु राज्य के पेंशनरों को अब तक इस बढ़ोतरी से वंचित रखा गया है। यह स्थिति शासन द्वारा पेंशनरों के साथ किए जा रहे स्पष्ट भेदभाव को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि लगभग छह माह से इन अधिकारियों को बढ़े हुए डीए का लाभ मिल रहा है, जबकि राज्य सेवा के कर्मचारियों को यह लाभ जनवरी 2026 से दिया जा रहा है। दूसरी ओर, राज्य के लाखों पेंशनर अपने वैध अधिकार महंगाई राहत (डीआर) के आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
यह स्थिति न केवल निराशाजनक है, बल्कि वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों के साथ अन्यायपूर्ण भी है।
श्री नामदेव ने कहा कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ती महंगाई के कारण महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत जीवन निर्वाह की मूल आवश्यकता बन चुकी है। पेंशनर सीमित आय में अपना जीवन यापन करते हैं, इसलिए उन्हें समय पर महंगाई राहत मिलना अत्यंत आवश्यक है। सरकार को इस संवेदनशील विषय पर त्वरित निर्णय लेते हुए पेंशनरों के हितों का संरक्षण करना चाहिए।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि राज्य सेवा के पेंशनरों के लिए भी 3त्न महंगाई राहत (डीआर) का आदेश 01 जुलाई 2025 से प्रभावशील करते हुए तत्काल जारी किया जाए, ताकि पेंशनरों के साथ हो रहा यह भेदभाव समाप्त हो सके।