रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मार्च। जांजगीर चांपा जिले और अकलतरा क्षेत्र में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं में मौतें और रोकने के नाकाफी उपायों को लेकर कांग्रेस विधायक राघवेन्द्र सिंह ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप को घेरा। कश्यप ने कहा कि जल्द ही जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक कर उपाय किए जाएंगे।
प्रश्न काल में श्री सिंह ने वर्ष 24-25 में अकलतरा में सडक़ दुघर्टनाओं के कारणों की जानकारी मांगी। मंत्री ने कहा कि वाहनों की बढ़ती संख्या और लोगों की लापरवाही से दुर्घटनाएं हो रही है। यह स्थिति प्रदेश भर में भी है। इसमें कमी लाने कोशिश की जा रही हैं। वैसे प्रदेश में 24 की तुलना में 25 में डेथ रेशियो में कमी आई है। विधायक सिंह ने कहा कि इस दौरान अकलतरा जांजगीर में दुर्घटना बढ़ी है। 2024 में 76,और 25 में 89 मौतें हुई। इस वर्ष अब तक 13 मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने पूछा कि इस दौरान भारी और छोटे वाहनों पर क्या कार्रवाई की गई। मंत्री ने कहा अलग से जानकारी देने की बात कही। सिंह ने पूछा कि क्या जिला या अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रामा सेंटर और बाइपास सडक़ न होने से भी मौतें बढ़ी है। श्री कश्यप ने बताया कि जिले में 2023 में 29104,24 में 39204,और 25 में 41615 दुर्घटनाएं हुई हैं। जिला सुरक्षा समिति की बैठक कर दुर्घटना रोकने के उपाय किए जाते हैं। जांजगीर चांपा में नया मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है जहां ऐसी दुर्घटनाओं पर फौरी इलाज मिलेगा। बड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि जांजगीर चांपा,सक्ती अकलतरा में उद्योगों की वजह से भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ी है और दुर्घटनाएं भी। नए मेडिकल कॉलेज में आईसीसीयू, ट्रामा सेंटर खुलवा दें। मंत्री ने सुझाव पर काम करने का आश्वासन दिया।