रायपुर

नकली सोने की माला दिखाकर यूपी के दो ठगों ने कारोबारी से 5.50 लाख ठगे
12-Mar-2026 7:27 PM
नकली सोने की माला दिखाकर यूपी के दो ठगों ने कारोबारी से 5.50 लाख ठगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 मार्च। राजधानी में नकली सोने की माला दिखाकर किराना कारोबारी से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में राजेंद्रनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 318-4 और 3-5 का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महात्मा गांधी नगर अमलीडीह निवासी मुरली केशरवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ओम किराना स्टोर्स नाम से किराना दुकान चलाता है। 9 दिसंबर 2025 की सुबह 10 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। उसने पहले दुकान से बिस्किट, नमकीन और साबुन खरीदा । इसके बाद बातचीत के दौरान उसने मुरली केशरवानी को बताया कि उसके पास पुराने जमाने के चांदी के सिक्के हैं, जिन्हें बेचकर वह उन्हें फायदा दिला सकता है। उसने अपनी जेब से अंग्रेजी जमाने का एक चांदी का सिक्का निकालकर दिखाया।

दूसरे दिन 10 दिसंबर को वही व्यक्ति दोबारा दुकान पहुंचा और फिर से चांदी के सिक्कों और पुराने सोने के गहनों की बात करने लगा। उसने बताया कि उसके गांव झांसी (उत्तर प्रदेश) में खुदाई के दौरान सोने की दानेदार माला मिली है, जिसे वह बेचना चाहता है, लेकिन बिल नहीं होने के कारण सराफा व्यापारी उससे नहीं खरीद रहे हैं। उसने मुरली को कम दाम में माला दिलाने का लालच दिया। मुरली उसकी बातों में आ गया। आरोपी ने अपना नाम अमर कुमार बताते हुए झांसी निवासी होना बताया और अपना मोबाइल नंबर भी दिया।

इसके बाद 16 दिसंबर को अमर कुमार एक महिला और एक पुरुष के साथ मुरली के घर पहुंचा। उसने दोनों को अपना चाचा-चाची बताकर परिचय कराया। घर के अंदर आने के बाद उन्होंने एक लाल कपड़े में बंधी पोटली निकाली और उसमें से गोल दानेदार सोने की माला दिखायी। आरोपी ने बताया कि माला जमीन में गड़ी होने के कारण उसकी चमक थोड़ी कम हो गई है। आरोपियों ने माला की कीमत 20 लाख रुपए बताई। जिसके बाद मोलभाव के बाद 10 लाख रुपए में तय हुआ।

आरोपियों की बातों में आकर मुरली ने उसे 5 लाख रुपए नकद  दे दिए। इसके साथ ही आरोपी ने भरोसे के तौर पर उनसे उनके हाथ में पहनी करीब 7 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी भी ले ली और अगले दिन बाकी पैसे लेने आने की बात कहकर चले गए।

माला नकली होने की हुई जानकारी

मुरली माला को लेकर सराफा बाजार पहुंचे, जहां जांच के बाद पता चला कि माला सोने की नहीं बल्कि केवल सोने जैसी पॉलिश की हुई थी। जब मुरली ने आरोपी के दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो मोबाइल बंद था। ठगी होने के शक में मुरली केशरवानी ने इसकी शिकायत राजेंद्रनगर थाना में दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अमर कुमार और उसके दो साथियों के खिलाफ धारा 3(5) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल नम्बर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।


अन्य पोस्ट