रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों के लिए कुल 11 हजार 762 करोड़ 53 लाख रुपये की अनुदान मांगें पारित कर दी गईं। इनमें महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 10,162 करोड़ 53 लाख रुपये और समाज कल्याण विभाग के लिए 1,600 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।
सदन में चर्चा का जवाब देते हुए मंत्री राजवाड़े ने कहा कि सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ
मंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। इसके तहत प्रदेश की करीब 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। अब तक 25 किश्तों में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 120 करोड़ रुपये और मिशन वात्सल्य योजना के लिए 80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए 800 करोड़ रुपये तथा पूरक पोषण आहार के लिए 650 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य और पोषण के लिए किशोरी बालिका योजना में 40 करोड़ रुपये तथा छात्राओं की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शुचिता योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
बेटियों के लिए शुरू होगी रानी दुर्गावती योजना
मंत्री ने बताया कि सरकार रानी दुर्गावती योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत बेटी के 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए बजट में 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा पोषण अभियान के लिए 125 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के लिए 40 करोड़ रुपये रखे गए हैं। महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं जैसे वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास और चाइल्ड हेल्पलाइन के संचालन के लिए भी बजट में पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है।
समाज कल्याण विभाग का बजट 59त्न बढ़ा
मंत्री राजवाड़े ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के लिए वर्ष 2026-27 में 1600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले पांच वर्षों की तुलना में लगभग 59 प्रतिशत अधिक है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्रदेश में करीब 21 लाख 76 हजार हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन दी जा रही है, जिसके लिए 1402 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए राज्य में च्च्सियान गुड़ीज्ज् डे-केयर सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा वृद्धाश्रमों के संचालन के लिए 6 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के लिए 20 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और सुरक्षा पहुंचाना है।