रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 12 मार्च। भारत सरकार के शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय द्वारा संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में साक्षरता अभियान की प्रगति और संचालन का जायजा लेने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के तहत कार्यरत *सेल फॉर नेशनल सेंटर फॉर लिटरेसी नई दिल्ली की टीम इन दिनों राज्य के दौरे पर है।
राष्ट्रीय टीम में डॉ. अजीत कुमार मोहत (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय), डॉ. मोनालिसा पॉल (कंसल्टेंट, एनसीईआरटी), डॉ. दिव्या जैन (सीनियर कंसल्टेंट, एनसीईआरटी) और श्री राजकुमार शामिल हैं। टीम ने रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बिरोदा में संचालित साक्षरता केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने साक्षरता केंद्र में शिक्षण व्यवस्था, कार्यक्रम के संचालन और शिक्षार्थियों की उपस्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित असाक्षर शिक्षार्थियों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने। शिक्षार्थियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से उन्हें पढऩा-लिखना और सरल गणना सीखने का अवसर मिला है, जिससे उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। टीम ने कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन किया और शिक्षकों तथा स्वयंसेवकों से चर्चा कर कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने साक्षरता अभियान को समाज के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोडऩे पर जोर दिया। स्वयंसेवी शिक्षकों ने बताया कि वे स्वप्रेरणा से इस अभियान से जुड़े हैं और गाँव के लोगों को साक्षर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इनमें कई स्वयंसेवी शिक्षक वर्तमान में बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थी भी हैं, जो अपनी पढ़ाई के साथ-साथ समाज सेवा में भी योगदान दे रहे हैं।
उल्लास केंद्र के निरीक्षण के पश्चात डॉ. गौरव कुमार सिंह, कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के निर्देशानुसार कुमार विश्वरंजन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उपाध्यक्ष, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर तथा हिमांशु भारतीय, जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव के साथ सीएनसीएल टीम की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित उल्लास कार्यक्रम की गतिविधियों और फील्ड विजिट के अनुभवों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर नवसाक्षर एवं शिक्षार्थी मुरही बाई साहू, कामिन बाई साहू, टेमिन साहू, भगवनतीन, गीता यदु, बुधवंतीन, कमला और सुमित्रा*सहित स्वयंसेवी शिक्षक थानेश्वरी, सोनम साहू, चित्ररेखा, अंजली, खेमराज, पुष्पेंद्र और रूपेश उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों में शारदा पठारे (सरपंच), ईश्वर साहू (उपसरपंच), संतोष साहू (विधायक प्रतिनिधि), राजेश साहू (एबीईओ), राकेश साहू (बीआरसीसी), टी.आर. रात्रे (संकुल समन्वयक), हेमंत कुमार साहू (नोडल अधिकारी, उल्लास कार्यक्रम अभनपुर), सुरेश साहू (प्रधानाध्यापक), नोमेश साहू (एसएमसी अध्यक्ष)तथा ग्राम युवा पुस्तकालय संचालक महेंद्र साहू सहित कार्यकर्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में शिक्षार्थी उपस्थित रहे।