रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मार्च। राजधानी पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन को वापस दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की टीम ने 20 लाख रुपए कीमत के 100 गुम मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किया है।
पुलिस उपायुक्त रायपुर कमिश्नरेट के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की टीम ने गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत मामलों पर तकनीकी विश्लेषण कर देश के विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उड़ीसा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार सहित कई राज्यों के अलग-अलग स्थानों से प्राप्त किए गए। इन सभी मोबाइल फोन की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। संबंधित व्यक्तियों को मोबाइल के गुम होने की जानकारी दी गई और उन्हें मोबाइल सायबर सेल रायपुर में जमा करने के लिए कहा गया। टीम ने संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोन की तस्दीक कराते हुए उन्हें बरामद कराया।
पुलिस ने विभिन्न राज्यों की पुलिस के सहयोग से मोबाइल फोन जब्त कराए। कुछ मोबाइल धारकों ने स्वयं ही जानकारी मिलने के बाद मोबाइल फोन कुरियर के जरिए भेज दिए। इसके बाद बरामद मोबाइल फोन को बुधवार को उनके मालिकों को सौंप दिया गया।
अब तक 300 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 300 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इन मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपए बताई गई है।