रायपुर

स्कूलों में समग्र शिक्षा मद से सामग्री खरीदी में अनियमितता, जांच होगी
11-Mar-2026 7:06 PM
स्कूलों में समग्र शिक्षा मद से सामग्री खरीदी में अनियमितता, जांच होगी

6 सदस्यीय समिति बनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मार्च। प्रदेश के स्कूलों में समग्र शिक्षा के मद से उपकरणों-सामग्री खरीदी में अनियमितता का मामला बुधवार को विधानसभा में उठा। भाजपा सदस्यों ने आरोप लगाया कि खरीदी में अनियमितता हुई है। इस पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि अनियमितता को लेकर मीडिया में आई खबरों के आधार पर जांच समिति बनाई गई है। जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने प्रदेश के स्कूलों में वोकेशनल कोर्स की सामग्री खरीदी को लेकर जानकारी चाही। इस पर स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में सत्र 2024-25 में स्कूलों को वोकेशनल कोर्स की सामग्री खरीद के लिए कोई राशि जारी नहीं की गई। सत्र 2025-26 में 1285 स्कूलों वोकेशनल कोर्स के लिए ऑफिस एक्सेंसेस मद से सभी स्कूलों को दो-दो लाख आहरण सीमा जारी की गई थी।

उन्होंने बताया कि स्कूलों में भंडारगृह नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं करने, और बाजार मूल्य से अधिक राशि पर खरीदी करने की शिकायतें स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थी। इसको ध्यान में रखकर 6 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया। श्री यादव ने कोर्सेवाड़ा के सवाल के जवाब में बताया कि संयुक्त संचालक स्तर के अधिकारी की अगुवाई में समिति बनाई गई है। रायपुर, दुर्ग सहित अन्य जिलों में शिकायतें आई हैं। परीक्षाओं के बाद विस्तृत जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा सदस्य सुनील सोनी ने भी सामग्री खरीदी में गड़बड़ी का जिक्र किया, और कहा कि एमआरपी नंबर मिटा दिए गए। जिस फर्म का जीएसटी नंबर बताया गया है, वो स्टेशनरी नहीं बल्कि मेडिकल स्टोर का है। सोनी ने इस पूरे मामले में सारे दस्तावेज होने का दावा किया।

स्कूल शिक्षामंत्री ने कहा कि समाचार पत्रों में छपी खबरों के आधार पर जांच समिति बनाई गई है। उन्होंने भाजपा सदस्य सुनील सोनी से कहा कि वो दस्तावेज उपलब्ध करा दे, इसकी जांच होगी।

बघेल ने महंत को हाइड कर दिया है-अजय

बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के अजय चंद्राकर ने नेता प्रतिपक्ष के अस्तित्व को लेकर चुटकी ोली। उन्होंने सभापति से कहा महोदय भूपेश बघेलजी ने नेता प्रतिपक्ष (डॉ. महंत) को हाइड कर दिया है। उनका अस्तित्व खत्म कर दिया है। कल श्री बघेल के द्वारा दो बार बहिर्गमन की घोषणा तो यही बताती है। अजय ने कहा श्री महंत केवल सदन में उपस्थित भर हैं, काम-वाम नहीं कर पा रहे हैं। इस पर पूर्व सीएम बघेल ने कहा आप तो पूरे सदन को हाईजेक कर लेते हैं।


अन्य पोस्ट